वायरल वीडियो मामले में कठोरा नाका परिसर की इमारत पर छापा

निवासी संकुल की तीसरी इमारत के फ्लैट में था अयान का आना-जाना

* दोस्त के यहां अय्याशी के लिए किराए पर लेता था कमरा, जांच व तलाशी शुरु
अमरावती/दि.16 – नाबालिग युवतियों को अपने प्रेमजाल में फांसकर उनका यौन शोषण करने के मामले में धरे गए अयान अहमद को लेकर अब यह जानकारी सामने आई है कि, वह अक्सर ही अपनी अय्याशियों के लिए स्थानीय कठोरा मार्ग परिसर पर स्थित निवासी अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर अपने दोस्त के फ्लैट में एक कमरा किराए पर लिया करता था. जहां पर वह कई बार अपने जाल में फंसी लडकियों को लेकर आया करता था और फिर उनके साथ यौन शोषण करते हुए उनके अश्लील व आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया करता था. इस जानकारी के सामने आते ही विशेष जांच दल के पथक ने आज कठोरा मार्ग स्थित उस रेसीडेन्सियल इमारत की तीसरी मंजिल के फ्लैट पर दबिश दी और वहां पर तलाशी भी ली गई. हालांकि पुलिस द्वारा अभी उस इमारत सहित अयान को अपन फ्लैट का कमरा किराए पर उपलब्ध करानेवाले उसके दोस्त के नाम का खुलासा नहीं किया है.
बता दें कि, गत रोज ही इस बात की जानकारी सामने आ गई थी कि, परतवाडा के गटरमलपुरा परिसर से वास्ता रखनेवाले अयान अहमद द्वारा अपने जाल में फंसनेवाली लडकियों के साथ यौन शोषण करने हेतु जुडवां शहर सहित चिखलदरा व अमरावती शहर स्थित होटलों व लॉज में किराए पर कमरे लिए जाते थे. साथ ही साथ उसे अमरावती शहर में रहनेवाले उसके एक-दो दोस्तों द्वारा भी अपने फ्लैट के कमरे किराए पर उपलब्ध कराए जाते थे. इस मामले में अयान अहमद के ‘नयन’ नामक एक दोस्त का नाम भी सामने आया था. जिसे परतवाडा पुलिस ने गत रोज ही संदेह के आधार पर अपनी हिरासत में लिया था. साथ ही साथ संदेह के आधार पर एक अन्य युवक को भी जांच एवं पूछताछ के लिए पुलिस थाने लाया गया था.
जानकारी के मुताबिक इन्हीं दो संदेहितों में से एक युवक का फ्लैट कठोरा मार्ग स्थित रेसीडेन्सियल अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर स्थित है. जहां पर अयान का अक्सर ही आना-जाना था और उसके साथ लगभग हमेशा ही कोई न कोई नाबालिग लडकी या युवती रहा करती थी. जिनके साथ अयान अहमद बंद कमरे में काफी समय बिताया करता था. ऐसे में पुलिस को संदेह है कि, अयान अहमद द्वारा इस फ्लैट पर भी कई युवतियों के साथ यौन शोषण कर उनके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो निकाले गए. जिन्हें आगे चलकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया. ऐसे में पुलिस ने आज उस फ्लैट पर दबिश देते हुए वहां की पूरी तलाशी ली.
* स्थानीय लोगों ने क्या बताया?
परिसर के निवासियों के अनुसार, उक्त फ्लैट में दोपहर और रात के समय कई युवतियों और युवकों का आना-जाना लगा रहता था. कुछ लोगों ने इस संबंध में फ्लैट मालिक को भी जानकारी दी थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया. घटना उजागर होने के बाद इलाके में हैरानी और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने आरोपी के उस मित्र को भी हिरासत में लिया है, जिसके माध्यम से फ्लैट लिया गया था. पूछताछ के आधार पर यह स्थान मामले का प्रमुख घटनास्थल बन सकता है. संबंधित फ्लैट एक आवासीय परिसर में स्थित है, जो फिलहाल बंद पाया गया है. फ्लैट मालिक को भी अब जांच के दायरे में लिया गया है.

Back to top button