19 को धूमधाम से मनेगी महात्मा बसवेश्वर जयंती
18 से 20 अप्रैल तक विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

* पत्रवार्ता में दी गई विस्तृत जानकारी, पूर्व तैयारियों का नियोजन शुरु
अमरावती/दि.16 – वीरशैव लिंगायत समाजबंधुओं के आराध्य जगतज्योति महात्मा बसवेश्वर का जयंती उत्सव प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी अक्षय तृतीया पर्व परप 18 से 20 अप्रैल तक बडी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा. जिसके तहत अंबागेट परिसर स्थित मृगेंद्र मठ संस्थान में तीनों दिन विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. वहीं 19 अप्रैल को शहर में महात्मा बसवेश्वर की भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, इस आशय की जानकारी आयोजन समिति की अध्यक्षा डॉ. संगीता सौंदले व कार्याध्यक्ष विजय ओढे द्वारा यहां बुलाई गई पत्रवार्ता में दी गई.
इस पत्रवार्ता में बताया गया कि, वीरशैव लिंगायत धर्म के प्रचारक महात्मा बसवेश्वर महाराज का जन्म मौजूदा कर्नाटक राज्य के बिजापुर जिला अंतर्गत इंगलेश्वर बागेवाडी गांव में सन 1131 में अक्षय तृतीया के पर्व वाले दिन हुआ था. जिसके चलते वैशाख शुद्ध तृतीया यानि अक्षय तृतीया को वीरशैव लिंगायत समाजबंधुओं द्वारा महात्मा बसवेश्वर महाराज की जयंती बडी धूमधाम के साथ मनाई जाती है. इसी श्रृंखला के तहत अमरावती निवासी वीरशैव समाजबंधुओं द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी अक्षय तृतीय के पर्व पर महात्मा बसवेश्वर की जयंती मनाने हेतु जोरशोर से तैयारियां की जा रही है और आगामी 18, 19 व 20 अप्रैल को महात्मा बसवेश्वर जयंती निमित्त तीन दिवसीय उत्सव आयोजित करने का नियोजन किया गया है. जिसे सफल बनाने हेतु वीरशैव शिक्षण प्रसारक मंडल, वीरशैव विकास समिति, वीरशैव महिला मंडल एवं शिवा संगठन सहित महात्मा बसवेश्वर जयंती उत्सव समिति के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा आवश्यक नियोजन किए जा रहे है.
इस पत्रवार्ता में बताया गया कि, इस तीन दिवसीय आयोजन के तहत शनिवार 18 अप्रैल को शाम 7 बजे सारेगमप लिटील चैम्पस् फेम बाल कीर्तनकार हभप सार्थक गायकवाड की भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा तथा रविवार 19 अप्रैल को शाम 5 बजे महात्मा बसवेश्वर जयंती निमित्त भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. जिसमें श्री सद्गुरु शिवशंकर शिवाचार्य स्वामी (नेरपिंगलाई) एवं वेदांताचार्य ज्ञानतपोरत्न शिवाचार्यरत्न श्री सद्गुरु डॉ. वीरुपाक्ष शिवाचार्य (श्री क्षेत्र मन्मथ धाम संस्थान) की प्रमुख उपस्थिति रहेगी. यह शोभायात्रा शाम 5 बजे अंबागेट परिसर स्थित मृगेंद्रमठ संस्थान से प्रारंभ होगी तथा सीताराम बिल्डींग, बुधवारा, नीलकंठ चौक, जुनी कोतवाली, दहीसाथ व सातखिराडी मार्ग से होते हुए दुबारा मृगेंद्रमठ पहुंचकर समाप्त होगी. जहां पर धर्माचार्यों के आशिर्वचन पश्चात महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा.
इसके उपरांत 20 अप्रैल को सुबह 8 से 11 बजे तक मृगेंद्रमठ संस्थान में भव्य स्वास्थ्य शिविर व रक्त जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा तथा शाम 7 बजे जवाहर गेट-बुधवारा परिसर के नवनिर्वाचित व स्वीकृत पार्षदों का सत्कार कार्यक्रम आयोजित होगा. राष्ट्रीय शिवा संगठन के संस्थापक प्रा. मनोहरआप्पा धांडे की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्कार समारोह में प्रमुख अतिथियों के तौर पर मूर्तिजापुर के विधायक हरीश पिंपलेे, हिरकनी महिला उत्कर्ष प्रतिष्ठान (चिखली) की अध्यक्षा एड. वृषाली बोंद्रे, हितसंवर्धक मंडल (यवतमाल) के अध्यक्ष जयेश हातगांवकर, शिवसेना उबाठा के अमरावती शहर प्रमुख प्रवीण हरमकर तथा समाजसेवक सुरेंद्र हुंडीवाले (अकोला) व शिरिष रामापुरे (नागपुर) की उपस्थिति रहेगी. इस आयोजन में मनपा के नेता प्रतिपक्ष व पूर्व महापौर विलास इंगोले, स्वीकृत पार्षद अनिल अग्रवाल तथा पार्षद प्रा. डॉ. संजय तिरथकर, प्रा. डॉ. संजय शिरभाते, योगेश विजयकर, ललिता रतावा व सुनीता भेले का विशेष सत्कार किया जाएगा. साथ ही साथ विभिन्न क्षेत्रों में सफलता एवं उपलब्धि हासिल करनेवाले समाज के विद्यार्थियों एवं युवक-युवतियों का भी इस अवसर पर समारोहपूर्वक सत्कार किया जाएगा.
इस पत्रवार्ता में महात्मा बसवेश्वर जयंती उत्सव समिति के संजय गव्हाणे, सदानंद कुर्हेकर, बालासाहेब भिसे, उदय चाकोते, कैलाश गिरोलकर व विलास काले आदि उपस्थित थे.





