फार्म हाउस रेस्टोरेंट में भीषण आग

वलगांव रोड परिसर की घटना

* राजपूत ढाबे के आसपास मची अफरा-तफरी
अमरावती/दि.16 – शहर के वलगांव रोड स्थित राजपूत ढाबे के पास एक फार्म हाउस रेस्टोरेंट में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरा परिसर धुएं और ऊंची लपटों से घिर गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था. आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया, वहीं कुछ लोगों ने खुद आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग की तीव्रता के चलते सफलता नहीं मिल सकी.
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह फार्म हाउस किसी देशमुख नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया. फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि रेस्टोरेंट को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है. अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएगा. वहीं, दमकल विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई है.

Back to top button