परतवाडा के वीडियो कांड की हो निष्पक्ष जांच

शहर महिला कांग्रेस ने उठाई कड़ी कार्रवाई की मांग

अमरावती/दि.16 – अचलपुर-परतवाड़ा में सामने आए महिलाओं के लैंगिक शोषण से जुड़े वीडियो प्रकरण को लेकर अमरावती शहर महिला कांग्रेस ने जिलाधिकारी को निवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. इस घटना से पूरे जिले में आक्रोश का माहौल बताया जा रहा है.
महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष जयश्री वानखड़े के नेतृत्व में दिए गए निवेदन में कहा गया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद मामले के सभी पहलुओं की गहराई से और निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है, ताकि इस प्रकरण से जुड़े सभी दोषियों को बेनकाब कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके. निवेदन में यह भी मांग की गई है कि सभी पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय मिले और उनकी सुरक्षा, सम्मान व गोपनीयता की पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन उठाए. साथ ही जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का राजनीतिक या अन्य दबाव न आने दिया जाए और पारदर्शी तरीके से कार्रवाई की जाए.
महिला कांग्रेस ने इस संवेदनशील मामले को धार्मिक रंग देने के प्रयासों की निंदा करते हुए कहा कि इससे सामाजिक तनाव बढ़ सकता है. उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की है. निवेदन में स्पष्ट किया गया है कि अपराध को किसी धर्म या जाति से जोड़ना उचित नहीं है और समाज में शांति व सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.

Back to top button