परतवाडा थाने के तीन पुलिस कर्मी निलंबित

एपीआई सलीम शेख तथा पोकां शुभम शर्मा व मयूर गुरव का समावेश

* अयान का बर्थ डे मनाना पडा भारी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
अमरावती/दि.18 – कई युवतियों के साथ यौन शोषण करते हुए उनके अश्लील व आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करनेवाले अयान अहमद का जन्मदिन मनानेवाले परतवाडा पुलिस के एक अधिकारी व दो कर्मचारियों को ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. इस कार्रवाई के चलते ग्रामीण पुलिस महकमे में अच्छा-खासा हडकंप व्याप्त है.
बता दें कि, कई युवतियों के अश्लील व आपत्तिजनक फोटो वायरल करनेवाले अयान अहमद का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. जिसमें वह परतवाडा के एक चौराहे पर अपने दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाता दिखाई दे रहा था. खास बात यह है कि, उस वीडियो में नाईट पेट्रोलिंग पर निकले कुछ पुलिस कर्मी भी अपना सरकारी वाहन सडक किनारे खडा करते हुए अयान अहमद की बर्थ डे पार्टी का आनंद लेते दिखाई दे रहे थे. जिसमें पुलिस कर्मियों द्वारा अयान अहमद को बडे प्यार के साथ केक खिलाने का दृश्य भी दिखाई दिया था.
अयान अहमद के खिलाफ कई युवतियों का यौन शोषण कर उनके अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने का मामला दर्ज होते ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने अयान की बर्थ डे पार्टी वाले वीडियो का भी संज्ञान लिया और उस वीडियो में दिखाई दे रहे परतवाडा पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक सलीम शेख सहित शुभम शर्मा व मयूर गुरव को आनन-फानन में पहले परतवाडा थाने से ग्रामीण पुलिस मुख्यालय अटैच किया गया और फिर उन तीनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी की गई.

Back to top button