जंगली सुअर सामने आने से हुई दुर्घटना में व्यक्ति की मौत
नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.27 – घर लौटते समय बीच रास्ते में जंगली सुअर सामने आने से हुई दुर्घटना में घायल हुए 56 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. यह दुर्घटना नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के सावर्डी गांव के पास शुक्रवार 24 अप्रैल की रात घटित हुई थी. मृतक व्यक्ति का नाम वर्धा जिले के आर्वी तहसील में आने वाले वाडोना निवासी राजेंद्र गोविंदराव नासरे है.
जानकारी के मुताबिक 24 अप्रैल को राजेंद्र नासरे अपनी पत्नी के साथ नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के बिजीलैंड मार्केट में कपडों की खरीदी करने के लिए गये थे. वहां से खरीददारी करने के बाद एमएच-32/एम-4443 क्रमांक की दुपहिया से वापिस लौट रहे थे, तब सावर्डी गांव के पास महामार्ग पर जंगली सुअर अचानक सामने आ गया. इस कारण राजेंद्र की दुपहिया स्लीप हो गई. पति-पत्नी नीचे गिर पडे. जख्मी राजेंद्र नासरे को अमरावती के रेडियंट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था. जहां शनिवार 25 अप्रैल की रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. नांदगांव पेठ पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की है.





