पत्नी की बेवफाई से तंग आकर पुलिस कर्मी ने दी जान
नागपुर की घटना, पत्नी और उसके कथित प्रेमी शिक्षक पर मामला दर्ज

नागपुर/दि.27 – पत्नी और उसके कथित प्रेमी द्वारा मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर एकद्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. इस प्रकरण में अंबाझरी पुलिस ने मृतक पुलिसकर्मी की पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक पुलिस कर्मी का नाम शीलरत्न भीमराव बेलेकर (45) बताया गया है. वे नागपुर के प्रतापनगर पुलिस थाने में कार्यरत थे. इस मामले में उनकी पत्नी रुचिका बेलेकर (32) और पेशे से शिक्षक रहनेवाले उसके कथित प्रेमी महेश मेश्राम के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है. मामले में जांच जारी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रुचिका के महेश मेश्राम के साथ पिछले दो वर्षों से कथित संबंध थे. इसकी जानकारी शीलरत्न बेलेकर को हो गई थी. आरोप है कि इसके बाद पत्नी रुचिका बेलेकर पति पर तलाक और संपत्ति के लिए दबाव बनाने लगी. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रुचिका कथित रूप से शीलरत्न को बार-बार मर जाओ कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी. वहीं महेश मेश्राम पर भी शीलरत्न को परेशान करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, फरवरी माह में शीलरत्न बेलेकर अपने भाई अजय बेलेकर के घर गए थे. कुछ देर बाद वे घर से निकल गए और फिर उनका किसी से संपर्क नहीं हो सका. इसके बाद परिजनों ने प्रतापनगर पुलिस थाने में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. 24 फरवरी को अंबाझरी तालाब में शीलरत्न बेलेकर का शव मिला. प्रारंभिक तौर पर अंबाझरी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच के दौरान पुलिस उपनिरीक्षक अविनाश निकाळजे ने तथ्यों की पड़ताल की, जिसमें पत्नी और उसके कथित प्रेमी द्वारा मानसिक प्रताड़ना की बात सामने आई.
जांच के आधार पर पुलिस ने रुचिका बेलेकर और महेश मेश्राम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है.





