बडनेरा जोन के नवनिर्वाचित सदस्य किशोर जाधव संभालेंगे आज पदभार

विधायक रवि राणा समेत सभी वायएसपी पार्षद रहेंगे उपस्थित

अमरावती/दि.1- बुधवार 29 अप्रैल को मनपा में हुए जोन सभापति के चुनाव में जोन क्रमांक-4 बडनेरा से निर्विरोध निर्वाचित हुए वायएसपी पार्षद किशोर जाधव आज गुरुवार 30 अप्रैल की शाम 6 बजे मिनी महापौर का पदभार संभालेंगे. इस अवसर पर विधायक रवि राणा समेत वायएसपी के सभी पार्षद व कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे.
बुधवार 29 अप्रैल को मनपा के सुदामकाका देशमुख सभागृह में पीठासीन सभापति जिलाधिकारी आशीष येरेकर की देखरेख मेें 4 जोन के सभापति पद के चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए. बडनेरा जोन क्रमांक 4 से युवा स्वाभिमान पार्टी के प्रभाग क्रमांक 22 के नगरसेवक किशोर जाधव ने जोन सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया था. उनके अलावा किसी का भी नामांकन दाखिल न होने से उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया. मिनी महापौर पद पर विराजमान होने के बाद आज गुरुवार 30 अप्रैल को शाम 6 बजे उनका बडनेरा मनपा जोन कार्यालय में पदग्रहण समारोह होने जा रहा है. इस अवसर पर विधायक रवि राणा समेत युवा स्वाभिमान पार्टी व भाजपा, राकांपा, शिवसेना के पार्षद पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे. पदभार संभालने के बाद महाराष्ट्र दिन 1 मई को नवनिर्वाचित सभापति किशोर जाधव के हाथों ध्वजारोहण किया जाएगा.

Back to top button