बडनेरा में अतिक्रमण हटाओ अभियान से मचा हडकंप

मनपा अतिक्रमण पथक ने कार्रवाई कर तीन ट्रक सामग्री की जब्त

अमरावती/दि.1- बडनेरा में बुधवार 29 अप्रैल को सुबह अतिक्रमण हटाओ अभियान ने एक बडे महासैलाब का रुप ले लिया. लगभग 20 वर्षों से बडनेरा पुलिस थाने के आसपास फैले अतिक्रमण पर प्रशासन ने कडी कार्रवाई करते हुए इलाके को पूरी तरह से साफ करने का अभियान चलाया. यह कार्रवाई सुबह करीब 11.30 बजे शुरु हुई. जिसमें अतिक्रमण पथक प्रमुख श्याम चावरे के नेतृत्व में टीम ने सख्त रुख अपनाया. उनके साथ बडनेरा पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक सुनील चव्हाण, भारी पुलिस बल और क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात रही. जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत दिखाई दी.
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस स्टेशन की दीवार से सटे पानठेले, टीन शेड की दुकाने, कच्चे निर्माण और पुराने बसस्टॉप के आसपास बने अतिक्रमण को हटाया गया. मनपा की टीम जेसीबी मशीन और जब्त सामग्री ले जाने के लिए चार ट्रक मौके पर लगाए गए थे. यह अभियान डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की प्रतिमा के पास से शुरु होकर छत्री चौक, जयहिंद चौक, जयस्तंभ चौक, शिवाजी चौक होते हुए सोमवार बाजार परिसर तक लगातार चलता रहा. सडक किनारे बने सभी अवैध ढांचे हटाए गए और तीन ट्रक सामग्री जब्त की गई. तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद अतिक्रमण दल और पुलिस कर्मी लगातार डटे रहे. पसीने से तरबतर कर्मचारी हर 10 मिनट में पानी पीकर अपनी ड्यूटी निभाते नजर आए. दोपहर 3.30 बजे तक कार्रवाई जारी रही और श्याम 5 बजे तक यह अभियान चलता रहा.

Back to top button