शराब के नशे में विवाद बना खूनी संघर्ष, 5 लोग गंभीर घायल

दर्यापुर के नानंदेड बुजुर्ग गांव की घटना

दर्यापुर /दि.9- दर्यापुर पुलिस थाना क्षेत्र के नानंदेड बुजुर्ग गांव में शराब के नशे में शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. मंदिर के पास बैठे अमूल और सूरज के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद दोनों के परिवार आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई. जिसमें महिला सहित 5 लोग गंभीर घायल हो जाने का समाचार है. उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पडा है.
जानकारी के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद दोनों परिवारों की ओर से एक-दूसरे पर लाठियों, पाइप और लोहे की रॉड से हमला किया गया. इस मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंची दो महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना में राजकन्या डोंगरदिवे (45), अमूल रविंद्र डोंगरदिवे और प्रदीप रविंद्र डोंगरदिवे घायल हुए हैं. वहीं पदमा मन्ना सखवार, सूरज मन्ना सखवार और राजू मन्ना सखवार की हालत गंभीर बताई जा रही है. सखवार परिवार के तीनों सदस्यों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं. उनकी स्थिति को देखते हुए रात में जिला अस्पताल में उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा था.
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण अपराध शाखा का दल और बीट जमादार भी जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई. पुलिस ने घायलों से पूछताछ शुरू कर दी है. मारपीट की गंभीरता और घायलों की संख्या को देखते हुए इस वारदात में और अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Back to top button