नाना, ऐसे अचानक एग्जिट क्यों?
नागपुर के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील हुए भावुक

* आयपीएस अधिकारी ने पुरानी यादों को किया ताजा, परसों ही हुई थी बातचीत
* अगले ही दिन नागपुर पुलिस के लिए रिकॉर्डिंग करने मुंबई आने वाले थे नाना पाटेकर
नागपुर /दि.9- ज्येष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म जगत के साथ ही उनके करीबी भी शोक में डूबे हैं. मुंबई में लंबे समय तक सेवा दे चुके नागपुर के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने भी नाना पाटेकर के अचानक चले जाने पर भावुक प्रतिक्रिया व्यक्त की. नाना के साथ अपने आत्मीय संबंधों को याद करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की.
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील के मुताबिक, नाना पाटेकर से हाल ही में उनकी बातचीत हुई थी. वे नागपुर पुलिस के लिए रिकॉर्डिंग करने के सिलसिले में अगले दिन मुंबई आने वाले थे. लेकिन इससे पहले ही उनके निधन की खबर आ गई. इस घटना से व्यथित नांगरे पाटील ने नाना के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, नाना, मैं तुम्हें पसंद था ना! तुम पुलिस के लिए हमेशा फौलाद की तरह खड़े रहते थे. परसों ही तो हमारी बात हुई थी. नागपुर पुलिस के लिए कल मुंबई आकर रिकॉर्डिंग करने वाले थे. अब किसका मानसिक सहारा लेंगे?
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने नाना पाटेकर के सामाजिक सरोकारों और किसानों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी याद किया. उन्होंने लिखा, नाना, तुम किसानों के सहारा थे. तुम निर्भीक थे, बेबाक थे, असली मर्द थे. तुम्हें कुछ महसूस कैसे नहीं हुआ. अचानक एग्जिट लेकर चले गए. उनके शब्दों में नाना के प्रति गहरा अपनापन और उनके जाने से उपजा दर्द साफ झलकता है.
नाना पाटेकर केवल पर्दे पर अपनी दमदार भूमिकाओं के लिए ही नहीं, बल्कि किसानों के सवालों और सामाजिक मुद्दों पर मुखरता से अपनी बात रखने के लिए भी पहचाने जाते थे. पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील की इस प्रतिक्रिया ने नाना के साथ उनके आत्मीय रिश्ते को सामने ला दिया है. कुछ ही समय पहले हुई बातचीत और अगले दिन मिलने की उम्मीद के बीच नाना का अचानक चले जाना उनके लिए गहरा भावनात्मक आघात बन गया. सोशल मीडिया पर उनकी यह पोस्ट चर्चा में है.





