जिला बैंक में शुरू हुआ ‘प्रशासक राज’

विभागीय सहनिबंधक श्रीनिवास पांढरे प्रशासक नियुक्त

* विभागीय सहनिबंधक गौतम वर्धन ने जारी किया आदेश
* हाईकोर्ट से झटका लगने के बाद निवर्तमान संचालक मंडल के अधिकार समाप्त
* अब बैंक में चुनावी हलचल तेज होने के आसार, मतदाता सूचि का काम होगा तेज
अमरावती/दि. 9- अमरावती जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक में आखिरकार प्रशासक राज शुरू हो गया है. विभागीय सहनिबंधक श्रीनिवास पांढरे को बैंक का प्रशासक नियुक्त किया गया है. विभागीय सहनिबंधक गौतम वर्धन ने इस संबंध में आदेश जारी किया. बैंक के निवर्तमान संचालक मंडल का पांच वर्ष का कार्यकाल समाप्त होने और मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ से याचिका खारिज होने के बाद यह प्रशासनिक बदलाव हुआ है. अब नए संचालक मंडल के गठन तक बैंक का कामकाज प्रशासक संभालेंगे. दूसरी ओर, बैंक के चुनाव को लेकर भी गतिविधियां तेज होने की संभावना है.
बता दे कि, जिला बैंक के संचालक मंडल का कार्यकाल रविवार, 4 अक्तूबर को समाप्त हो गया था. इसके बावजूद प्रशासक की नियुक्ति और संचालकों के पद पर बने रहने के अधिकार को लेकर कानूनी प्रक्रिया चल रही थी. बैंक के अध्यक्ष तथा विधायक बच्चू कडू सहित 11 संचालकों ने महाराष्ट्र सहकारी संस्था अधिनियम में किए गए संशोधन को उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी. याचिकाकर्ताओं ने ‘अ’ वर्ग की सहकारी संस्थाओं को संचालक मंडल के कार्यकाल में विस्तार से संबंधित संरक्षण से बाहर रखने को भेदभावपूर्ण और असंवैधानिक बताया था. हालांकि, मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ ने याचिका खारिज कर दी. न्यायमूर्ति अनिल किलोर और न्यायमूर्ति रजनीश व्यास की खंडपीठ के फैसले से कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी संचालक मंडल के पद पर बने रहने का रास्ता बंद हो गया. अदालत ने स्पष्ट किया कि पांच वर्ष की वैधानिक अवधि समाप्त होने के बाद संचालकों को पद पर बने रहने का स्वतः अधिकार नहीं है.
* अदालत के आदेश के बाद नियुक्ति का रास्ता साफ
न्यायालय के फैसले की प्रति विभागीय सहनिबंधक कार्यालय को प्राप्त होने के बाद प्रशासक की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ी. इससे पहले 5 अक्तूबर को प्रशासक नियुक्ति पर आपत्ति से संबंधित याचिका अदालत ने खारिज कर दी थी. इसके बाद निवर्तमान संचालक मंडल के अधिकार समाप्त होने और बैंक का प्रशासन प्रशासक को सौंपे जाने का रास्ता साफ हो गया. अब विभागीय सहनिबंधक श्रीनिवास पांढरे बैंक का कामकाज संभालेंगे. प्रशासक के तौर पर उनकी नियुक्ति से बैंक के प्रशासनिक फैसले और रोजमर्रा का संचालन नए प्रबंधन के अधीन आ जाएगा. नए संचालक मंडल के गठन तक बैंक की जिम्मेदारी प्रशासक पर रहेगी.
* मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया जारी
जिला बैंक के संचालक मंडल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी चुनाव की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है. बैंक के मतदाताओं की सूची तैयार करने का काम जारी है. इस सूची के आधार पर आगामी चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. अब प्रशासक की नियुक्ति के बाद बैंक के चुनाव को लेकर गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है. जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक का चुनाव स्थानीय सहकारिता और राजनीतिक क्षेत्र की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है. निवर्तमान संचालक मंडल के अधिकार समाप्त होने और प्रशासक की नियुक्ति के बाद अब संभावित उम्मीदवारों तथा विभिन्न गुटों की नजर चुनावी कार्यक्रम और मतदाता सूची पर रहेगी.
* यवतमाल जिला बैंक में भी प्रशासक हैं पांढरे
अमरावती जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के नवनियुक्त प्रशासक श्रीनिवास पांढरे फिलहाल यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक में भी प्रशासक के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने 2 मई 2026 से यवतमाल बैंक के प्रशासक का दायित्व संभाल रखा है. अब अमरावती जिला बैंक की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई है.

Back to top button