मोर्शी का पेठपुरा डूब जाएगा बाढ में
बीजेपी नगरसेविका प्रभा फंदे का आरोप

* नदीपात्र में बन रही सुरक्षा दीवार पर ऐतराज
मोर्शी /दि.7- दमयंती नदी पर एक ओर किनारे की तरफ सुरक्षा दीवार न बनाते हुए बीच नदीपात्र में दीवार बनाए जाने पर बीजेपी की नगरसेविका प्रभा कैलास फंदे ने कडा ऐतराज दर्ज किया है. उन्होंने यह सुरक्षा दीवार नदी के एक ओर किनारे पर स्थापित करने की मांग की है. प्रभा फंदे ने दावा किया कि, उन्होंने इस बारे में सांसद डॉ. अनिल बोंडे से शिकायत की थी. उनके निर्देश पर जिलाधीश आशीष येरेकर ने पिछले दिनों प्रत्यक्ष मुआयना कर निर्देश दिए थे. उस पर ध्यान नहीं दिए जाने और काम पूर्ववत चालू रहने की शिकायत प्रभा फंदे ने की है.
* पेठपुरा को बाढ का खतरा
प्रभा फंदे ने अपने निवेदन में दावा किया कि, 82 लाख का खर्च कर बनाई जा रही सुरक्षा दीवार का विपरित असर होने की पूरी आशंका है. इस दीवार से नदी का पानी बाढ की स्थिति में संपूर्ण पेठपुरा में आने की और इससे भारी नुकसान होने की आशंका पैदा हो गई है. प्रभा फंदे ने 2019 में भी अतिवृष्टि के समय नदी का पानी पेठपुरा में घुस आने का दावा कर बताया कि, भरी दोपहर का समय होने से जीवितहानी भले ही नहीं हुई थी, किंतु पशुहानी और आर्थिक नुकसान काफी प्रमाण में हुआ था. इसलिए सुरक्षा दीवार बीच पात्र में न बनाते हुए नदी के किनारे एक ओर बनाने की मांग उन्होंने की है.
नगरसेविका प्रभा फंदे, पूर्व नगराध्यक्ष कैलास फंदे ने सांसद डॉ. बोंडे से गलत निर्माण तत्काल रोककर जलसंपदा विभाग से नदी पात्र की चौडाई गिनकर गलत दीवार हटाने के निर्देश जिलाधीश को पत्र के माध्यम से दिए है. जिलाधीश ने गत 14 अप्रैल को शहरी विकास और जलसंपदा विभाग के साथ संयुक्त रुप से साइट का निरीक्षण किया. जांच के आदेश दिए है. उन पर अमल नहीं होने से नगरसेविका प्रभा फंदे, कैलास फंदे और सभी नगरसेवकों तथा पेठपुरा के लोगों ने अनशन करने की चेतावनी दी है.





