माहूर घाट की 100 फीट गहरी खाई में गिरा टेम्पो, तीन श्रद्धालुओं की मौत
रेणुका माता के दर्शन कर लौटते समय हादसा, चालक सहित तीन लोग घायल

नांदेड़/दि. 17 – नांदेड़ जिले के श्रीक्षेत्र माहूरगढ़ में रेणुका माता के दर्शन कर यवतमाल लौट रहे श्रद्धालुओं का टेम्पो माहूर घाट में दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा. शुक्रवार, 16 अक्तूबर की सुबह करीब पांच बजे हुए इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक सहित तीन अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार, यवतमाल के छह कामगार बुधवार रात करीब साढ़े दस से 11 बजे के बीच टेम्पो क्रमांक एमएच 29 बीई 6859 से रेणुका माता के दर्शन के लिए माहूर रवाना हुए थे. उन्होंने रात करीब 12 बजे माता के दर्शन किए और गुरुवार तड़के यवतमाल लौटने के लिए रवाना हुए. इसी दौरान घाट के एक खतरनाक मोड़ पर यह हादसा हुआ.
बताया जाता है कि घाट के पहले खतरनाक मोड़ पर सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी चालक की आंखों पर पड़ी. इसी दौरान सामने से आ रहा वाहन विपरीत दिशा में आने के कारण चालक ने टेम्पो को खाली जगह की ओर मोड़ने का प्रयास किया. लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और टेम्पो सीधे गहरी खाई में जा गिरा. इस हादसे में यवतमाल निवासी बाबाराव ज्ञानोबा टेकाम (60), राहुल सुधाकरराव ठाकरे (25) और प्रीतम रामराव प्रधान (38) की मौत हो गई. तीनों टेम्पो के पीछे बने हौदेनुमा हिस्से में बैठे थे. वहीं, टेम्पो चालक प्रतीक आरके (26), दत्ता मनोहर मेश्राम (35) और यशवंत अरविंद पाटील (25, तीनों यवतमाल निवासी) मामूली रूप से घायल हुए. हादसे से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.





