भाई को रहने के लिए घर देना महंगा पडा

दयावान भाई के घर की तोडफोड कर किया लाखों का नुकसान

* गाडगे नगर पुलिस ने किया मामला दर्ज
अमरावती/दि.7 – आज-कल खून के रिश्ते भी स्वार्थ के लिए कुछ भी करने तैयार हो जाते हैं. ऐसा ही एक मामला गाडगे नगर थाना क्षेत्र में प्रकाश में आया है. जहां एक भाई ने अपने दूसरे भाई को रहने के लिए घर दिया. लेकिन इस भाई और उसकी पत्नी के हर दिन के झगडे और गालीगलौज के कारण दयावान भाई वह घर छोडकर परिवार के साथ दूसरे इलाके में रहने चला गया. पीछे से उसके भाई ने मकान की तोडफोड कर उसका तीन लाख रुपए का नुकसान कर दिया. शिकायत के आधार पर गाडगे नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.
जानकारी के मुताबिक मोर्शी रोड के सौजानंद नगर निवासी अनिल रंगराव तायवाडे ने अपने सगे भाई सुनील रंगराव तायवाडे को अपने मकान की उपरी मंजिल पर रहने के लिए घर दिया था. लेकिन कुछ दिनों बाद सुनील और उसकी पत्नी के गालीगलौज और झगडों से परेशान होकर अनिल अपने नीचे के ग्राउंड फ्लोअर पर ताला लगाकर परिवार के साथ इंद्रप्रस्थ कालोनी में रहने चला गया था. अनिल के चले जाने के बाद सुनील और उसकी पत्नी ने मकान का काफी नुकसान किया. इस कारण अनिल ने न्यायालय में दिवानी दावा दाखिल किया है. नागपुर हाईकोर्ट ने इस मकान के निर्माण कार्य में कोई भी बदलाव न करने और नुकसान न पहुंचाने की भी हिदायत दी है. इसके बावजूद अनिल का आरोप है कि, उसके भाई सुनील ने उसके ग्राउंड फ्लोअर के घर का पोर्च, खिडकी और सज्जा किसी भी तरह की पूर्व सूचना न देते और न्यायालय की कोई भी अनुमति न लेते हुए तोडकर तीन लाख रुपए का नुकसान किया है. शिकायत के आधार पर गाडगे नगर पुलिस ने सुनील रंगराग तायडे और उसकी पत्नी के खिलाफ बीएनएस की धारा 324 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button