शहर के युवा व्यवसायी गौतम सेवानी की भीषण हादसे में मौत
दोस्तों के साथ कार में सवार होकर जा रहे थे उज्जैन

* खंडवा के निकट कार के साथ हुआ हादसा
* स्टेअरिंग को धक्का लगने से पलटी तेज रफ्तार कार
* कार में गौतम के साथ एक युवक व दो युवतियां भी सवार थे
* गंभीर चोट लगने की वजह से गौतम ने तोडा दम
* हादसे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चलना शुरू
* पुलिस ने कहा- हर पहलू की गंभीरता से जांच जारी
अमरावती/दि.9- शहर के युवा व्यवसायी एवं नेक्स्टलेवल मॉल स्थित स्पा सेंटर संचालक गौतम सेवानी की खंडवा रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. इस हादसे ने न केवल व्यापारिक जगत को झकझोर दिया है, बल्कि घटना को लेकर शहर में अनेक तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं. सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस प्रशासन ने फिलहाल किसी भी प्रकार की साजिश या आपराधिक एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौतम सेवानी अपने कुछ साथियों के साथ अमरावती से उज्जैन की ओर जा रहे थे. बताया जाता है कि कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दिल्ली की दो युवतियां तथा अमरावती के महेंद्र कॉलोनी क्षेत्र निवासी दर्शन नामक एक युवक भी शामिल था. यात्रा के दौरान सभी लोग आपस में बातचीत और मस्ती कर रहे थे. इसी बीच अचानक वाहन चालक का नियंत्रण स्टेयरिंग से हट गया और तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खंडवा रोड पर कई बार पलट गई. हादसा इतना भयानक कि कार के परखच्चे उड गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना बेहद भयावह थी. तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पलटते हुए पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल गौतम सेवानी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. दुर्घटना में घायल अन्य लोगों का उपचार अस्पताल में जारी बताया जा रहा है. हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
* सोशल मीडिया पर तेज हुई अटकलें
घटना के बाद सोशल मीडिया पर अनेक तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कुछ लोगों द्वारा दुर्घटनाग्रस्त कार से जुड़े मोबाइल फोन में कथित वीडियो और संवेदनशील जानकारी होने जैसे दावे किए जा रहे हैं. हालांकि इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपुष्ट और भ्रामक जानकारी फैलाने से बचने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना गलत होगा.
* हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के समय वाहन की रफ्तार कितनी थी, कार कौन चला रहा था, हादसे के वक्त यात्रियों की स्थिति क्या थी, मोबाइल डेटा और घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड तथा वाहन की तकनीकी स्थिति की भी जांच कर रही है. वहीं फॉरेंसिक टीम को भी कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच के लिए लगाया जा सकता है.
* शहर में शोक और सनसनी
गौतम सेवानी शहर के युवा व्यवसायियों में गिने जाते थे और सामाजिक दायरे में भी उनकी अच्छी पहचान थी. उनकी अचानक मौत की खबर मिलते ही व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई. बड़ी संख्या में मित्रों, परिचितों और व्यापारियों ने अस्पताल तथा उनके निवास स्थान पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की. फिलहाल पूरे मामले को लेकर लोगों की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.





