एसपी के पहले जनता दरबार में 250 शिकायतों का निपटारा
निकेतन कदम का जनहित अभियान

अमरावती/दि.13– अमरावती ग्रामीण जिला पुलिस अधीक्षक का पदभार संभालने के बाद निकेतन कदम ने प्रोफेशनल पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए जिस जनहित अभियान की घोषणा की थी. उसकी शुरुआत उन्होंने शनिवार 9 मई से कर दी है. जिले के सभी 21 थानों के अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया गया. पहले ही दिन प्राप्त 250 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया.
जानकारी के मुताबिक एसपी निकेतन कदम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोतेवाड, सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारी, थानेदार तथा ग्रामीण अपराध शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिये थे कि, हर शनिवार अपने-अपने थाना क्षेत्र में शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया जाये. आदेश के अनुसार सभी अधिकारी पुलिस स्टेशन मे ंउपस्थित रहें और नागरिकों की समस्याएं सुनकर तत्काल कार्रवाई की. प्राप्त शिकायतों में अपराध दर्ज करना, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करना, गवाहों के बयान लेना, आरोपियों को नोटिस जारी करना तथा अन्य कानूनी प्रक्रिया शामिल रही. सभी थानों से शाम तक रिपोर्ट पहले वॉटसएप और बाद में अधिकृत रुप से जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजी गई.
* हर शनिवार को समस्या का समाधान
ग्रामीण पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि, जिले के सभी पुलिस स्टेशन में अब हर शनिवार को शिकायत निवारण दिवस नियमित रुप से आयोजित किया जाएगा, ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके. पहले ही दिन बडी संख्या में लोगों ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई. जिससे इस पहल को जनता का अच्छा प्रतिसाद मिलने की बात सामने आयी है.