600 से ज्यादा विद्यार्थी छात्रावास छोड़कर गांव गए
डोमा आश्रमशाला में ‘भूत-प्रेत’ की अफवाह से हड़कंप

* जांच में सामने आया ‘मास हिस्टीरिया’
* समुपदेशन के बाद करीब 200 विद्यार्थी लौटे
अमरावती/दि.17– मेलघाट के चिखलदरा तालुका स्थित डोमा सरकारी आदिवासी आश्रमशाला में ‘भूत-प्रेत का साया’ होने की अफवाह से हड़कंप मच गया. स्कूल की छात्राओं पर कथित रूप से भूत-प्रेत का साया होने की अफवाह फैलने के बाद 600 से अधिक विद्यार्थी छात्रावास छोड़कर अपने गांव चले गए. इनमें बड़ी संख्या एकताई गांव के विद्यार्थियों की बताई जा रही है. प्रशासन और स्कूल प्रबंधन के प्रयासों के बाद करीब 200 विद्यार्थी वापस स्कूल लौट आए हैं.
जानकारी के मुताबिक 7 अगस्त को डोमा स्थित आदिवासी आश्रमशाला के 16 विद्यार्थी अचानक जोर-जोर से हंसने और रोने लगे. कुछ विद्यार्थियों ने पैरों में घुंघरू जैसी आवाज सुनाई देने की बात कही. छात्रावास अधीक्षक ने घटना की जानकारी तत्काल प्राचार्य को दी. इसके बाद प्रभावित विद्यार्थियों को डॉक्टर के पास ले जाकर उपचार कराया गया. घटना की खबर गांव में फैलते ही अफवाहों का दौर शुरू हो गया और यह बात फैला दी गई कि छात्राओं पर भूत-प्रेत का साया है. इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में डर का माहौल बन गया. देखते ही देखते 600 से अधिक विद्यार्थी छात्रावास छोड़कर अपने गांव चले गए.
* जांच में अंधविश्वास की बात सामने नहीं आई
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम डोमा आश्रमशाला पहुंची. डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जांच की. जांच के बाद इसे भूत-प्रेत से जुड़ी घटना मानने के बजाय ‘मास हिस्टीरिया’ से जुड़ा मामला बताया गया. बताया गया कि इलाके में अंधविश्वास से जुड़ी चर्चाओं और सोशल स्तर पर फैली गलत धारणाओं के कारण विद्यार्थियों में भय और मानसिक तनाव बढ़ा, जिसके चलते इस तरह की स्थिति उत्पन्न हुई. डोमा आश्रमशाला में कुल 810 विद्यार्थी हैं, जबकि रेजिडेंशियल आश्रमशाला के छात्रावास में करीब 310 छात्राएं रहती हैं. घटना के बाद प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों की काउंसलिंग शुरू की है.
आदिवासी विकास विभाग, अमरावती के अतिरिक्त आयुक्त संदीप गोलाईत ने बताया कि घर लौटे 600 विद्यार्थियों में से करीब 200 विद्यार्थी आश्रमशाला में वापस आ चुके हैं. अभिभावकों का समुपदेशन के बाद स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कई विद्यार्थी स्कूल लौटे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी. प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अफवाहों पर विश्वास न करने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत स्कूल प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने की अपील की है.





