खडे ट्रक से टकराई थार जीप
एक ही परिवार के 4 लोग गंभीर घायल

* समृद्धि महामार्ग पर दुर्घटनाओं की श्रृंखला जारी
धामणगांव रेलवे/दि.14- हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे समृद्धि महामार्ग पर नांदगांव खंडेश्वर तहसील के चैनल क्रमांक 108 शिवणी गांव के पास सोमवार 11 मई को सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार थार जीप खडे ट्रक से जा टकराई. इस दुर्घटना में थार वाहन में सवार चालक सहित 4 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए. घायलों में एक छोटी बच्ची भी शामिल है और यह सभी घायल एक ही परिवार के बताए जा रहे.
प्राथमिक उपचार के बाद सभी को नागपुर के अस्पताल रेफर किया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंबई से नागपुर की ओर जा रही थार वाहन क्रमांक एमएच-49/9496 के चालक का नियंत्रण अचानक जीप से हट गया. जिससे वाहन के आगे चल रहे ट्रक क्रमांक जीजे-07/सीएल-9965 से जा भिडा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि, थार जीप का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए महामार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
स्थानीय नागरिकों तथा महामार्ग पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरु किया. सभी घायलों को तत्काल धामणगांव रेलवे ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नागपुर रेफर किया गया. फिलहाल उन सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है. घायलों में रामू सरनागत (36), रेखा सरनागत (34) और मुवी सरनागत (6, सभी मुंबई निवासी) सहित एक ही परिवार के 4 लोगों का समावेश है. घायलों में 2 पुरुष, 1 महिला और 1 छोटी बच्ची शामिल है. एक घायल व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी.





