नवसारी प्रभाग में बार-बार बिजली गुल होने से आक्रोश

वैभव बगणे के नेतृत्व में महावितरण कार्यालय पर ताला

* अधिकारियों के खिलाफ नागरिकों का प्रदर्शन
* समस्या नहीं सुलझी तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
अमरावती/दि.15- नवसारी प्रभाग में लगातार हो रही बिजली कटौती और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से परेशान नागरिकों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा. स्थानीय नागरिकों ने वैभव बगणे के नेतृत्व में महावितरण कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और अधिकारियों की अनुपस्थिति से नाराज होकर कार्यालय पर प्रतीकात्मक ताला जड़ दिया.
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से नवसारी प्रभाग में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली गुल रहने से घरों में पानी की समस्या, विद्यार्थियों की पढ़ाई और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं. इसके बावजूद महावितरण प्रशासन समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा. जिसके चलते वैभव बगणे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायत लेकर महावितरण कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला. उपस्थित कर्मचारियों से पूछताछ करने पर अधिकारियों के छुट्टी पर होने की जानकारी दी गई. इससे नागरिकों का आक्रोश और बढ़ गया. नाराज नागरिकों ने महावितरण प्रशासन के विरोध में कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई.
घटना की जानकारी मिलते ही महावितरण प्रशासन हरकत में आया और संबंधित अधिकारी तत्काल कार्यालय पहुंचे. इसके बाद नागरिकों की समस्याएं सुनकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया. अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर करने तथा भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न होने देने का भरोसा भी दिया. इस दौरान वैभव बगणे ने चेतावनी दी कि यदि नवसारी प्रभाग की बिजली समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया और नागरिकों को इसी प्रकार परेशान होना पड़ा, तो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महावितरण प्रशासन की होगी. प्रदर्शन में प्रभाग के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे.

Back to top button