रेल्वे स्टेशन के वेटिंग हॉल में मोबाइल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बडनेरा और अमरावती स्टेशन पर हुई थी चोरियों की वारदाते

* सीसीटीवी फुटेज से खुलासा, आरोपी से 56 हजार रुपये के 5 मोबाइल बरामद
अमरावती/दि.15- बडनेरा तथा अमरावती रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पकडे गए आरोपी का नाम शेख जावेद उर्फ दत्तु शेख शब्बीर (32, लालखडी) बताया गया हैं. पता चला है कि शेख जावेद उर्फ दत्तु ने एक ही दिन दोनों रेलवे स्टेशनों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के मोबाइल सहित कुल पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 56 हजार रुपये बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 को बडनेरा एवं अमरावती रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल में मोबाइल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं. इस संबंध में अपराध क्रमांक 71/2026 तथा 72/2026 के तहत मामले दर्ज किए गए थे. जांच के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें दोनों घटनाओं को एक ही व्यक्ति द्वारा अंजाम दिए जाने की पुष्टि हुई.
इसके बाद बडनेरा रेलवे पुलिस ने स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की. संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी शेख जावेद उर्फ दत्तू शेख शब्बीर (32), निवासी लालखड़ी, अमरावती को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी की वारदात कबूल कर ली. पुलिस ने आरोपी के पास से दोनों मामलों में चोरी किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए. इसके अलावा उसके कब्जे से तीन अन्य मोबाइल भी मिले. इस प्रकार कुल पांच मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 56 हजार रुपये है, जब्त किए गए.
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंगेश शिंदे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ताराम राठोड तथा एसडीपीओ पांडुरंग सोनवणे के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में एपीआई अर्चना गाढवे, गुन्हे प्रकटीकरण पथक के हेड कॉन्स्टेबल राहुल हिरोडे, शरद जुनघरे, राजू गाढवे, प्रदीप घोडकर, शरद कवलकर, सागर पेटे, लोहमार्ग नागपुर के हेड कॉन्स्टेबल सागर खंडारे तथा आरपीएफ अमरावती के सागर पकडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.





