किसानों के लिए खुशखबरी
12.35 रुपए प्रति किलो प्याज खरीदेगी सरकार

* सीएम फडणवीस की सबसे बड़ी घोषणा
नागपुर /दि.15- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रदेश के प्याज उत्पादक किसानों को बडी राहत देते हुए सीधे सरकार द्वारा 12.35 रुपए प्रति किलो खरीदने की घोषणा कर दी. एक कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि प्याज उत्पादक किसान भारी संकट में है. मैंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से प्याज खरीदने की विनती की थी. इस विनती को मान देते हुए आज से महाराष्ट्र में शिवराज चौहान के नेतृत्व में 12 रुपये 35 पैसे प्रति किलो के भाव से प्याज की खरीद शुरू हो रही है.
आगे बोलते हुए फडणवीस ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर का संकट दूर करेगी, ऐसा मैं वचन देता हूं. जिन किसानों ने ईमानदारी से कर्ज चुकाया है उन्हें प्रोत्साहन राशि भी सरकार के माध्यम से दी जाएगी, ऐसी घोषणा मुख्यमंत्री ने इस दौरान की.
इस दौरान बोलते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत में नरेंद्र और महाराष्ट्र में देवेंद्र, दोनों जगह कमल खिला है. हर गरीब को पक्का घर दिया जाएगा, यह प्रधानमंत्री की मंशा है. अब तक के इतिहास में किसी भी राज्य को 30 लाख घर नहीं मिले थे, लेकिन महाराष्ट्र को 30 लाख घर मिले हैं. साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि प्याज की खरीद 12 रुपये 35 पैसे की कीमत पर शुरू की जाएगी.
गर्मी के प्याज के बाजार भाव में लगातार गिरावट होने से येवला के प्याज उत्पादक किसान बड़े आर्थिक संकट में फंस गए हैं. फिलहाल बाजार समितियों में प्याज को प्रति क्विंटल केवल 600 से 700 रुपये का ही भाव मिल रहा है और उत्पादन खर्च भी नहीं निकल पा रहा है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है. कई किसानों को उत्पादन लागत में प्रति क्विंटल 1500 रुपये तक का नुकसान सहना पड़ रहा है.





