गोवंश तस्करी : 3 वाहनों पर कार्रवाई
एक तलवार जब्त, मिशन कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस की बडी कार्रवाई

वरुड /दि.21- जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में शनिवार 16 मई की रात 11 बजे से रविवार सुबह 5 बजे तक पूरे जिले में एक साथ विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन और गश्त अभियान चलाया गया. इस कार्रवाई के दौरान वरुड पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध रुप से गोवंश की तस्करी करने वाले 3 वाहन जब्त किए गए. वहीं एक आरोपी के पास से तलवार भी बरामद की गई. इस विशेष अभियान में जिले के 52 पुलिस अधिकारियों और 262 पुलिस कर्मियों ने सडकों पर उतरकर कार्रवाई की. प्रत्येक पुलिस थाना क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थानों पर नाकाबंदी पॉईंट लगाए गए थे. अभियान के दौरान पूरे जिले में कुल 949 वाहनों की सघन जांच की गई. मोटर वाहन अधिनियम के तहत 211 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 69 हजार 800 रुपए का जुर्माना वसूला गया.
इसके अलावा रेल्वे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, लॉज और ढाबों की जांच कर रिकॉर्ड पर मौजूद अपराधियों, फरार आरोपियों और संपत्ति संबंधी अपराधियों की पडताल की गई. इसी दौरान वरुड पुलिस थाना क्षेत्र में गश्त के समय संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर सोहेल शाह उर्फ बाबा उमर शाह निवासी वरुड को हिरासत में लिया गया. उसकी तलाशी में एक तलवार बरामद हुई. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं, इसी अभियान के दौरान वरुड पुलिस ने अवैध गोवंश तस्करी के बडे नेटवर्क कञ्च भंडाफोड किया. तीन चारपहिया मालवाहक वाहनों में छिपाकर गोवंश की तस्करी की जा रही थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों वाहन जब्त कर लिए और 17 लाख 10 हजार रुपए मूल्य का माल बरामद किया. इसमें 15 लाख रुपए कीमत के तीन चारपहिया वाहन तथा 2 लाख 10 हजार रुपए मूल्य का गोवंश शामिल है. इस मामले में पुलिस ने नागपुर जिल के नरखेड तहसील अंतर्गत बिष्णुर निवासी किशोर भीसे (69), चेतन कलंबे (23) और मोहन एडके (35) को गिरफ्तार किया है. वरुड पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जिले में अवैध धंधे करने वालों और अपराधियों में हडकंप मच गया है. नागरिकों द्वारा पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है.





