गांजा तस्करी मामले में फरार आरोपी धरा गया
तीन महीने से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था

अमरावती /दि.22– फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में 80 किलो गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को एएनटीएफ के दल ने तीन माह बाद गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है. आरोपी का नाम आकाश शिवपाल जाधव (29) है.
जानकारी के मुताबिक आरोपी आकाश जाधव काफी समय से फरार था. उसकी तलाश की जा रही थी. 6 फरवरी की रात फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के मार्डी रोड स्थित अच्युत महाराज हॉस्पिटल के पास एएनटीएफ ने फिल्मी स्टाइल में बडी कार्रवाई की थी. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक चारपहिया वाहन को रोका था. वाहन की तलाशी करने पर 80 किलो गांजा बरामद हुआ था. कार्रवाई के दौरान कुल 21 लाख 12 हजार रुपए का माल जब्त किया गया था. घटनास्थल से बालू पवार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था. लेकिन अन्य आरोपी फरार हो गये थे. फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी हुई थी. इसी दौरान एएनटीएफ के दल को मिली जानकारी के आधार पर आकाश जाधव को दबोच लिया गया. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही हैं.





