राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का मराठी पत्रकार संघ ने किया सम्मान

मुंबई /दि.11- महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को मराठी पत्रकार संघ के राज्य स्तरीय आम अधिवेशन में जनहितकारी कार्यों और प्रशासनिक सुधारों के लिए सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
मराठी पत्रकार संघ ने अपने सम्मान-पत्र में बावनकुले द्वारा राजस्व विभाग में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों और नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की. संघ ने कहा कि उन्होंने ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा को व्यवहार में उतारने का उल्लेखनीय कार्य किया है. सम्मान-पत्र में उल्लेख किया गया कि उनके कार्यकाल में सातबारा (7/12) और ई-फेरफार दस्तावेजों को ऑनलाइन उपलब्ध कराकर नागरिकों को बड़ी राहत प्रदान की गई. इससे लोगों का समय और धन दोनों की बचत हुई तथा राजस्व सेवाएं अधिक पारदर्शी और सुलभ बनीं.
इसके अलावा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के निपटारे, गैरान एवं इनामी भूमि से जुड़े विवादों के समाधान, पात्र किसानों को मालिकाना हक दिलाने तथा प्राकृतिक आपदाओं के दौरान किसानों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने जैसे निर्णयों की भी विशेष रूप से प्रशंसा की गई. मराठी पत्रकार संघ ने कहा कि राजस्व विभाग में किए गए ये सुधार आम नागरिकों और किसानों के हित में महत्वपूर्ण साबित हुए हैं. इसी योगदान के सम्मानस्वरूप मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को राज्य स्तरीय अधिवेशन में सम्मान-पत्र प्रदान किया गया. इस अवसर पर पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी जनहित और सुशासन को प्राथमिकता देने वाले ऐसे निर्णय जारी रहेंगे.





