गाडगेनगर पुलिस ने 47 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए

9.40 लाख का माल बरामद

अमरावती/दि.22– अमरावती के गाडगेनगर पुलिस थाना ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए गुम हुए 47 मोबाइल फोन खोजकर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए. बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 9 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है. मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया.
जानकारी के अनुसार, गाडगेनगर पुलिस थाना में लगातार मोबाइल गुम होने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं. इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अप्रैल 2026 में सीईआईआर पोर्टल की सहायता से तकनीकी जांच शुरू की. जांच के दौरान थाना के डीबी पथक ने विभिन्न स्थानों से कुल 47 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए. गुरुवार 21 मई को गाडगेनगर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त रमेश धुमाल, सहायक पुलिस आयुक्त शिवाजीराव बचाटे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोरखनाथ जाधव तथा पुलिस निरीक्षक समाधान वाठोरे के हाथों मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए गए.
मोबाइल वापस मिलने पर कई नागरिकों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन दोबारा मिल पाएगा, लेकिन गाडगेनगर पुलिस की मेहनत और तकनीकी जांच के कारण उनके मोबाइल सुरक्षित वापस मिल सके. इस अभियान को सफल बनाने में डीबी पथक प्रमुख पुलिस उपनिरीक्षक सागर ठाकरे सहित प्रकाश मेश्राम, निलेश जुनघरे, अमोल यादव, विनोद मालवे, आशीष ठाकरे, सिद्धार्थ श्रृंगारे और सचिन गौरखेड़े ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Back to top button