उधारी के विवाद में दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला
आसेगांव पूर्णा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर गांव में तनाव

* चार आरोपियों पर मामला दर्ज, दो गिरफ्तार
अमरावती/दि.23 – आसेगांव पूर्णा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर गांव में उधारी के पैसे और कथित लीडरगिरी को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को हिंसक झड़प में बदल गया. साप्ताहिक बाजार के दौरान दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने से पूरे गांव में तनाव फैल गया. स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है. घटना में अब्दुल राजिक अब्दुल नासिर (35) और उसका छोटा भाई मुजम्मिल अहमद अब्दुल नासिर (25) गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर अमरावती के बडनेरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया. इनमें अब्दुल राजिक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. पुलिस ने इस प्रकरण में चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि दो आरोपी फरार है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों के नाम पूर्णानगर निवासी अमोल श्रीकृष्ण आमझरे (27) और गौरव सुरेश आमझरे (25) है.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम गांव के आवेज नामक युवक का उधारी के पैसों को लेकर सागर आमझरे और बंड्या उर्फ अमोल आमझरे से विवाद हुआ था. शुक्रवार को पूर्णा गांव में साप्ताहिक बाजार लगा था. मामला शांत कराने के लिए फिरोज नामक युवक ने बाजार में जाकर दोनों पक्षों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन बात बढ़ने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया. इसके बाद फिरोज, अब्दुल राजिक, मुजम्मिल और कुछ अन्य लोगों के साथ समझाने पहुंचा. इसी दौरान दूसरे पक्ष को शक हुआ कि उन पर हमला किया जा सकता है. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने चिकन-मटन मार्केट में रखी छुरी उठाकर हमला कर दिया. हमले में अब्दुल राजिक पर कथित रूप से चार बार चाकू से वार किए गए, जबकि मुजम्मिल भी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद बाजार परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. दो गुट आमने-सामने आने से गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई.
घटना की सूचना मिलते ही आसेगांव पूर्णा थाना के पुलिस निरीक्षक सूरज तेलगोटे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया. एसीपी, एलसीबी और ग्रामीण अपराध शाखा की टीमें भी गांव पहुंचीं और इलाके में कड़ा बंदोबस्त लगाया गया. गांव फिलहाल पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है. ग्रामीण अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखड़े ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली. पुलिस ने भातकुली तहसील के हातखेडा ग्राम निवासी फिरोज खान शाहबाज खान पठान (43) की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (1), 118 (2), 296, 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर अमोल आमझरे (27) और गौरव आमझरे (25) को गिरफ्तार कर लिया है. फरार दो आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है. ग्रामीण पुलिस दल की तरफ से नागरिकों को किसी भी अफवाहों पर विश्वास न रखते हुए शांति बनाये रखने और पुलिस को सहयोग करने का आवाहन किया गया है.





