नांदगांव पेठ जिप हाईस्कूल में बढ रही विद्यार्थियों की संख्या
उत्तम शिक्षा, उत्कृष्ट परिणाम की वजह से बढा पालकों का विश्वास

नांदगांव पेठ /दि.25– निजी शालाओं के प्रति विद्यार्थियों का आकर्षण बढ रहा था, लेकिन अब विद्यार्थी जिला परिषद की शालाओं में शिक्षा लेना पसंद कर रहे है. स्थानीय जिला परिषद हाईस्कूल व कनिष्ठ महाविद्यालय में प्रवेश लेनेवाले विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. शाला में दर्जेदार शिक्षा, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम और यहां उपलब्ध सुविधाओं को लेकर पालकों का विश्वास बढा है. जिसमें अब जिला परिषद शाला को विशेष महत्व दिया जा रहा है. यहां उच्च शिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों के सर्वांगिण विकास के लिए परिश्रम कर रहे है, जिसमें विद्यार्थियों का आकर्षण बढने का चित्र जिप शाला में दिखाई दे रहा है.
कान्वेंट की बढती संस्कृति की वजह से पालकों की भी अपेक्षा बढ गई थी. गरीब पालक आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बाद भी अपने पाल्यों को निजी शालाओं में प्रवेश देने का प्रयास कर रहे थे. निजी शालाओं की तरह जिला परिषद शाला ने भी उत्कृष्ट परिणाम देकर सिद्ध कर दिया है कि, जिप शाला भी किसी से कम नहीं है. जिसकी वजह से पालकों का विश्वास पुन: बढा और उन्होंने अपने पाल्यों के लिए जिप हाईस्कूल को प्राथमिकता दी. साल 2021 से जिला परिषद हाईस्कूल व कनिष्ठ महाविद्यालय में विद्यार्थियों की पटसंख्या में वृद्धि होने से जिला परिषद शाला को संजीवनी मिली है. यहां विद्यार्थियों को दर्जेदार शिक्षा देने के लिए शिक्षक सतत प्रयास करते है और यहां विद्यार्थियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है.
इसमें विशेष यह है कि, बाहरगांव से आनेवाले विद्यार्थियों के लिए प्राचार्य और शिक्षक स्वयं आर्थिक सहायता जमा कर स्कूल बस की व्यवस्था कर रहे है और कुछ विद्यार्थियों को शासकीय योजना अंतर्गत भत्ता भी उपलब्ध करा दिया जा रहा है. जिसकी वजह से आर्थिक दृष्टि से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी यहां शिक्षा का अवसर मिल रहा है. छात्रवृत्ति परीक्षा, नवोदय प्रवेश परीक्षा, होमी भाभा विज्ञान स्पर्धा तथा विविध शैक्षणिक उपक्रमों में भी शाला उल्लेखनीय कार्य कर रही है. यहां के अनेक विद्यार्थियों विविध स्पर्धा परीक्षाओं में सफलता हासिल कर शाला का नाम रोशन किया है. यहां विद्यार्थियों के खेलने के लिए प्रशस्त मैदान भी उपलब्ध है. विद्यार्थी शिक्षा के साथ क्रीडा क्षेत्र में भी सफलता प्राप्त कर जिप शाला का नाम रोशन कर रहे है. जिप शाला अब अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली को लेकर निजी शालाओं को टक्कर देते दिखाई दे रही है.