शहर में नए ट्रांसफॉर्मर लगाने के कार्य को मिली गति
विधायक सुलभा खोडके ने मंजूर कराई 11 करोड की विशेष निधि

* विद्युत वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या होगी दूर
अमरावती/दि.27– शहरी क्षेत्र में महावितरण से संबंधित कार्यो के लिए जिला नियोजन समिति के माध्यम से मिलनेवाली निधि अपर्याप्त होने तथा शहर के बढते विस्तार और बिजली की बढती मांग को देखते हुए विधायक सुलभा खोडके ने शासन से महावितरण संबंधी 11 करोड रुपए के कार्य के लिए 14 अक्तूबर 2024 को विशेष निधि मंजूर करवाई थी.
तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अब महावितरण के प्रत्येक उपकेंद्र अंतर्गत 83 स्थानों पर विद्युत ट्रांसफॉर्मर की क्षमता वृद्धि तथा नए ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने के कार्य शुरु कर दिए गए है. इन कार्यो के तहत 200 केवीए क्षमतावाले ट्रांसफॉर्मरो का विस्तार कर उन्हें 315 केवीए तक बढाने का कार्य तेजगति से चल रहा है. इससे जल्द ही बिजली उपभोक्ताओं को वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्याओं से राहत मिलकर निर्बाध बिजली आपूर्ति की सुविधा प्राप्त होगी.
* नए ट्रांसफॉर्मर लगाने का काम शुरु
इस 11 करोड रुपए की निधि से महावितरण अंतर्गत नए ट्रांसफॉर्मर स्थापित करना, ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढाना, नए विद्युत पोल लगाना, पोल स्थलांतरित करना तथा विद्युत केबल बिछाने जैसे कार्य शामिल किए गए है. विधायक सुलभा खोडके की 11 करोड रुपए की विशेष निधि से ट्रांसफॉर्मर क्षमता वृद्धि और नए ट्रांसफॉर्मर लगाने के कार्य शुरु होने से अब वोल्टेज की समस्या, बार-बार होनेवाली ओवरलोडिंग तथा वोल्टेज के उतार-चढाव से राहत मिलेगी और बिजली उपभोक्ताओं को विश्वसनीय तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना आसान होगा. इसके लिए शहरवासियों ने विधायक सुलभा खोडके का अभिनंदन किया है.
* 2024 में 11 करोड रुपए के कार्य को मिली थी मंजूरीञ्च्
विधायक सुलभा खोडके ने शहर में मूलभूत सुविधाओं के कार्यो के लिए निधि उपलब्ध करवाने शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए थे. इसके बाद शासन ने 14 अक्तूबर 2024 को शासन निर्णय जारी कर नगर स्वराज्य संस्थाओं के क्षेत्र में अधिसूचित नागरी सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु उनके द्वारा सुझाए गए 40 करोड रुपए के कार्यो को मंजूरी प्रदान की. जिसमें मूलभूत सुविधाओं के साथ महावितरण के 11 करोड रुपए के कार्य भी शामिल है.
* भ्रम और भ्रामक प्रचार करने का प्रयास…
विधायक सुलभा खोडके द्वारा मंजूर करवाए गए 11 करोड रुपए के कार्यो को लेकर कुछ लोग अनावश्यक प्रचार और फलकबाजी करने का प्रयास कर रहे है तथा सोशल मीडिया पर भी भ्रामक चर्चा की जा रही है. विधायक सुलभा खोडके ने यह कार्य अपने पिछले कार्यकाल में मंजूर कराए थे, इसलिए इन कार्यो का वर्तमान किसी भी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी या आंदोलनकारी से कोई संबंध नहीं है.
* इन जगहों के काम किए गए थे मंजूर
अमरावती मनपा क्षेत्र के प्रभाग क्र. 1 शेगांव-रहाटगांव के लिए 1.50 करोड, प्रभाग क्र. 2 पीडीएमसी के लिए 1 करोड, प्रभाग क्र. 3 नवसारी के लिए 1.50 करोड, प्रभाग क्र. 4 जमील कॉलोनी के लिए 1.50 करोड, प्रभाग क्र. 5 महेंद्र कॉलोनी के लिए 1 करोड, प्रभाग क्र. 6 विलास नगर के लिए 1 करोड, प्रभाग क्र. 7 जवाहर स्टेडियम के लिए 1 करोड, प्रभाग क्र. 8 जोग स्टेडियम के लिए 50 लाख, प्रभाग क्र. 9 एसआरपीएफ-वडाली के लिए 1 करोड, प्रभाग क्र. 12 रुक्मिणी नगर के लिए 50 लाख तथा प्रभाग क्र. 13 अंबापेठ के लिए 50 लाख रुपए मंजूर किए गए है.





