जैन साध्वियों की सड़क हादसे में मृत्यु पर अमरावती में आक्रोश

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.26 – मध्य प्रदेश के रीवा में 20 मई 2025 को हुए भीषण सड़क हादसे में जैन समाज की पूज्य साध्वियां आर्यिका श्रुतमती माताजी एवं उपशममती माताजी का दुखद निधन हो जाने के बाद अमरावती में जैन समाज में शोक और आक्रोश की लहर फैल गई. इस घटना के विरोध में दिगांबर जैन महासमिति एवं वात्सल्य फाउंडेशन की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई.
ज्ञापन में कहा गया कि जैन धर्म में साधु-साध्वियों को अत्यंत पूजनीय स्थान प्राप्त है. वे अहिंसा, संयम, त्याग और मानवता का संदेश देते हुए पदयात्रा के माध्यम से समाज जागरण का कार्य करते हैं. जैन साधु-साध्वियां किसी भी प्रकार के वाहन का उपयोग नहीं करते और निरंतर विहार करते रहते हैं. ऐसे में सड़क हादसे में दो साध्वियों की मृत्यु से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं. समाज की ओर से दुर्घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई. साथ ही भविष्य में जैन साधु-साध्वियों के विहार के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाई गई. जैन समाज ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा पुलिस प्रशासन से इस मामले में तत्काल उचित कार्रवाई करने की अपेक्षा व्यक्त की. ज्ञापन सौंपते समय ब्रह्मचारी संदीप वैद्य, सतीश संगई, सजल जैन, अभिनंदन पेंढारी, मुकेश जैन, सचिन जैन, अनिल सुराणा, किशोर नखाते, संजय जैन, विनोद खडारे, विवेक फुलबरकर, चंद्रकांत मोदी, सचिन संगई, रुपेश राऊल, शीतल सिंघवी, अविनाश आग्रेकर, विनोद जैन, नरेश जैन, सुधीर वालचाले, राजेंद्र बनोरे, प्रदीप आग्रेकर, सचिन जैन एवं जैन समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित थे.

Back to top button