भोंदू अशोक खरात पर बनेगी फिल्म

शिवसेना की महिला नेता निभाएंगी रुपाली चाकणकर की भूमिका!

नाशिक/दि.27- नाशिक के भोंदू बाबा अशोक खरात प्रकरण के सामने आते ही पूरा महाराष्ट्र हिल गया. इस मामले ने सभी को झकझोर कर रख दिया, इतना ही नहीं बल्कि इस प्रकरण से राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई. क्योंकि इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस की नेता रुपाली चाकणकर का नाम भी सामने आया. कई महिलाओं को अंधविश्वास के जाल में फंसाकर उनका शोषण करने वाले अशोक खरात को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही इस मामले से जुड़े कई आपत्तिजनक वीडियो भी सामने आए हैं. अब पूरे महाराष्ट्र को हिला देने वाले भोंदू बाबा अशोक खरात के काले कारनामों पर फिल्म बनने की चर्चा हो रही है. वहीं, इस फिल्म में रुपाली चाकणकर की भूमिका में शिवसेना की नेता और प्रसिद्ध अभिनेत्री नजर आने वाली हैं, ऐसी चर्चा है.
नाशिक के विवादित भोंदू बाबा अशोक खरात के कथित गैरकृत्यों पर आधारित एक नई मराठी फिल्म जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाली है. इस फिल्म में अभिनेत्री और शिवसेना नेता दीपाली सय्यद रुपाली चाकणकर की भूमिका में नजर आ सकती हैं. खुद दीपाली सय्यद ने एक न्यूज चैनल को दिए विशेष इंटरव्यू में यह खुलासा किया. उन्होंने इस फिल्म में एक बेहद महत्वपूर्ण राजनीतिक भूमिका निभाने की पुष्टि की है. तभी से दीपाली सय्यद रुपाली चाकणकर की भूमिका निभाने वाली हैं, ऐसी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में अशोक खरात की ढोंगबाजी और इस मामले से जुड़े महाराष्ट्र की राजनीति के कुछ प्रभावशाली लोगों की सच्चाई भी सामने लाई जाएगी. इसलिए यह फिल्म केवल एक व्यक्ति के कथित कृत्यों तक सीमित न रहकर सामाजिक और राजनीतिक पहलुओं पर भी प्रकाश डालेगी, ऐसा कहा जा रहा है. इस बीच, अशोक खरात पर कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं, जिससे पूरे राज्य में भारी हड़कंप मच गया था. इसी पृष्ठभूमि पर बनने वाली यह फिल्म चर्चा का विषय बनी हुई है.
* दीपाली सय्यद ने आखिर क्या कहा?
’बिग बॉस 6’ फेम अभिनेत्री दीपाली सय्यद ने कहा कि, भोंदू खरात के बारे में मुझे ’बिग बॉस’ प्रतियोगिता से बाहर आने के बाद पता चला. ऐसा एक बाबा सामने आया जिसने हर जगह सनसनी फैला दी. अशोक खरात पर जल्द ही फिल्म आने वाली है और मैं यह फिल्म नहीं बना रही हूं. इस फिल्म के निर्माता अलग हैं, लेकिन इस फिल्म में एक कलाकार के रूप में मैं आपको जरूर दिखाई दूंगी. जल्द ही फिल्म की जानकारी आपके सामने आएगी… लेकिन ऐसे भोंदुओं से सभी को सावधान रहना चाहिए. यह अकेला खरात नहीं होगा, ऐसे कई खरात कहीं न कहीं छिपे होंगे. किसी भी बाबा के पास जाते समय जागरूक रहें. जल्द ही आप मुझे भोंदू खरात की फिल्म में देखेंगे.

Back to top button