शिंदे गुट के साथ तालमेल ज्यादा आसान
सीएम फडणवीस ने उद्धव ठाकरे पर कसा तंज

* राजनीतिक संतुलन और महायुति समन्वय पर बोले सीएम
मुंबई/दि.27 – मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना उबाठा के पार्टी प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ तालमेल बैठाना अधिक आसान है.
झी-24 तास के ‘महाराष्ट्र गौरव पुरस्कार 2026’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री फडणवीस ने राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, महायुति में सीट बंटवारे और सत्ता पक्ष के समन्वय को लेकर खुलकर अपनी बात रखी. कार्यक्रम के दौरान संपादक कमलेश सुतार द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कई राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी की. महायुति में राजनीतिक संतुलन को लेकर पूछे गए प्रश्न पर फडणवीस ने कहा कि तीनों दल अलग-अलग विचारधाराओं और अपेक्षाओं के साथ गठबंधन में शामिल हैं. हर दल अधिक सीटों की अपेक्षा रखता है, लेकिन अंततः सभी दल बैठकर सामूहिक रूप से निर्णय लेते हैं.
इसी दौरान जब उनसे शिवसेना के दो अलग-अलग गुटों के साथ तालमेल को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, अभी का डिलिंग ज्यादा आसान है. अब व्यवहारिक लोग हैं, जिनसे चर्चा की जा सकती है. फोन बंद कर और दरवाजा बंद कर बैठने वाले नेता अब नहीं हैं. मुख्यमंत्री के इस बयान को उद्धव ठाकरे पर सीधा राजनीतिक तंज माना जा रहा है.
मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार में सभी राजनीतिक चर्चाएं महाराष्ट्र में ही होती हैं और हर निर्णय के लिए दिल्ली पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं पड़ती. उनके इस बयान को महायुति सरकार में बेहतर समन्वय और शिंदे गुट के साथ मजबूत संबंधों का संकेत माना जा रहा है. सीएम फडणवीस ने इस विशेष मुलाकात में राज्य के अन्य राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर भी अपनी स्पष्ट राय रखी.





