पंढरपुर वारी और अतिवृष्टि के दौरान न चलाया एसआईआर अभियान
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने उठाई मांग

* मुख्य निर्वाचन अधिकारी चोकलिंगम को लिखा पत्र
मुंबई/दि.27 – कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने महाराष्ट्र में प्रस्तावित मतदाता सूची विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी चोकलिंगम को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण मांग की है. उन्होंने कहा है कि आषाढ़ी पंढरपुर वारी तथा संभावित अतिवृष्टि के दौरान यह अभियान चलाना उचित नहीं होगा, इसलिए इसे कम से कम एक महीने आगे बढ़ाया जाए.
पत्र में बताया गया है कि निर्वाचन आयोग द्वारा 14 मई 2026 को मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया गया था. आयोग की जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र में मैपिंग का कार्य लगभग 72 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है और यह प्रक्रिया 19 जून 2026 तक जारी रहेगी. इसके बाद दूसरा चरण 30 जून से 29 जुलाई 2026 के बीच संचालित किया जाना प्रस्तावित है. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि इस अवधि में महाराष्ट्र की प्रसिद्ध आषाढ़ी वारी आयोजित होती है, जिसमें राज्य के पश्चिम महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के 20 से अधिक जिलों से लाखों वारकरी विभिन्न दिंडियों के साथ पैदल पंढरपुर पहुंचते हैं. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर रहते हैं. ऐसे में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जाने वाले सर्वेक्षण के दौरान कई मतदाताओं के नाम छूटने की आशंका है.
इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सपकाल ने अपने द्बारा लिखे गए पत्र में यह भी उल्लेख किया कि मौसम विभाग ने जुलाई महीने में मुंबई महानगर क्षेत्र, कोंकण, पुणे और सातारा सहित कई क्षेत्रों में भारी वर्षा और अतिवृष्टि की संभावना जताई है. इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है तथा पुनरीक्षण अभियान में भी बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं.
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सपकाल ने इन सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग से आग्रह किया है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को एक महीने के लिए आगे बढ़ाया जाए, ताकि किसी भी मतदाता का नाम सूची से वंचित न हो.





