युवक कांग्रेस ने फूंका नागरी सुविधाओं हेतु बिगुल
स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित अमरावती अभियान

* अपना शहर, अपनी जवाबदारी
* सात प्रमुख समस्याओं पर लक्ष्य केंद्रीत
* प्रदेश अध्यक्ष शिवराज मोरे द्वारा प्रेसवार्ता में घोषणा
अमरावती/दि.27 – युवक कांग्रेस ने अपना शहर, अपनी जवाबदारी का नारा देते हुए आज से ही स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित अमरावती अभियान छेड दिया है. संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शिवराज मोरे ने आज दोपहर कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रपरिषद में उक्त ऐलान करते हुए बताया कि, सात समस्याओं को मुख्य रुप से हल करने की दिशा में अभियान अंतर्गत प्रयत्न होंगे. महापालिका शासन और प्रशासन को युवक कांग्रेस उपरोक्त विषयों पर सवाल करेगी और उनके हल करने के लिए प्रयत्न करेगी. समस्या पहचाने, उपाय बताएं, शहर बनाने का नारा उन्होंने दिया.
उन्होंने बताया कि, शहरी कामगार सम्मान, न्याय व सुरक्षा अभियान छेडा जा रहा है. शहरी क्षेत्रों में बडी संख्या में कार्यरत सफाई कर्मी, ऑटो रिक्शा चालक, निजी सुरक्षा गार्ड, डिलेवरी बॉय, गिग वर्कर्स, निर्माण कामगार, फेरीवाले और अन्य क्षेत्र के कामगारों की संख्या बढी है. असंगठीत और उपेक्षित समाज घटकों को न्याय देने युवक कांग्रेस ने अभियान शुरु किया है.
पत्रपरिषद में शिवराज मोरे, अजय शिकारा, अनुराग भोयर, नवज्योत संधू, वैभव देशमुख, राहुल येवले, अनिकेत ढेंगले, नीलेश गुहे, परिक्षित जगताप, नीतेश वानखडे, सागर कलाने, उत्कर्ष देशमुख, नितिन काले, आशीष यादव, रितेश पांडव आदि सहित युवक कांग्रेस पदाधिकारी बडी संख्या में मौजूद थे. उन्होंने बताया कि, अभियान अंतर्गत अमरावती वासियों की प्रमुख समस्याओं का निराकरण करने आंदोलन किया जाएगा. तत्काल उपाययोजना के लिए युवक कांग्रेस आग्रही रहेगी. कचरा नियोजन हो या, स्वच्छता, गिरती स्वास्थ्य व्यवस्था, बंद पडी सरकारी स्कुलें आदि विषय महत्वपूर्ण होंगे.
अमरावती अध्यक्ष वैभव देशमुख ने बताया कि, सात मांगे मुख्य रुप से उठाई जा रही है. इसमें युवाओं को रोजगार देने, शहर की एमआईडीसी में नए उद्योगों को गतिमान करने, राजकमल रेलवे ब्रिज का नवनिर्माण तेजी से करने, हॉकर्स जोन बनाकर सडकों का अतिक्रमण दूर करने और नई बस्तियों, कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने और बगैर किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के अवैध धंधे और अपराधिक प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने की मांग पुलिस प्रशासन से भी की है.





