शीघ्र राजनीतिक घोषणाओं का अंबार?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले सीएम फडणवीस

* प्याज-गन्ना मुद्दे पर राहत संभव
* डीसीएम शिंदे भी मौजूद है दिल्ली में
मुंबई /दि.28- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर महाराष्ट्र के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की. महाराष्ट्र के विकास से जुड़े कई प्रकल्प, विभिन्न अभियान और राज्य के सामने मौजूद महत्वपूर्ण मुद्दों पर इस बैठक में चर्चा हुई, ऐसी जानकारी स्वयं फडणवीस ने सोशल मीडिया के जरिए दी. पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित महायुति के कई मंत्री दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं. इसलिए इन बैठकों को विशेष राजनीतिक महत्व प्राप्त हुआ है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद एक्स पर पोस्ट करते हुए इस मुलाकात की जानकारी दी. हमारे नेता और देश के प्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज नई दिल्ली में मुलाकात हुई. महाराष्ट्र के विकास के लिए विभिन्न विषयों पर उनका मार्गदर्शन मिला. राज्य के विभिन्न प्रकल्पों और अभियानों की जानकारी भी उन्हें दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन हमेशा सकारात्मक ऊर्जा देने वाला होता है, ऐसा उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा है. इस मुलाकात में केंद्र सरकार की ओर से महाराष्ट्र के लिए बड़े निर्णयों को लेकर सकारात्मक संकेत मिलने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में शुरू है.
इस बीच, राज्य में फिलहाल प्याज और गन्ना उत्पादक किसानों के मुद्दे गंभीर बने हुए हैं. प्याज के दामों में उतार-चढ़ाव, निर्यातबंदी और किसानों की नाराजगी के कारण कई जगह आंदोलन हुए हैं. दूसरी ओर गन्ना उत्पादक किसान और चीनी मिल मालिकों में भी नाराजगी का माहौल है. कुछ चीनी मिलों ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर आपत्ति दर्ज की है. इसलिए इन सभी मुद्दों का समाधान निकालने के लिए महायुति सरकार की ओर से दिल्ली स्तर पर प्रयास शुरू होने की बात कही जा रही है.
कल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महायुति के नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री तथा सहकार मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी. इस बैठक में प्याज और गन्ना उत्पादकों की मांगों पर विस्तृत चर्चा हुई, ऐसी जानकारी सामने आई है. प्याज का समर्थन मूल्य, निर्यातबंदी, गन्ना दर और अन्य कृषि विषयों पर केंद्र सरकार से चर्चा की गई. सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र की कुछ प्रमुख मांगों को लेकर केंद्र सरकार सकारात्मक दिखाई दे रही है. अगले 10 दिनों में इस संबंध में महत्वपूर्ण घोषणाएं होने की संभावना जताई जा रही है.
राज्य में फिलहाल राजनीतिक माहौल भी काफी गर्म है. स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों की पृष्ठभूमि में महायुति के भीतर सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है. दूसरी ओर मराठा आरक्षण के मुद्दे पर मनोज जरांगे पाटील ने फिर आंदोलन की घोषणा की है. इसलिए राज्य की सामाजिक और राजनीतिक स्थिति संवेदनशील बन गई है. ऐसे समय में राज्य के तीनों प्रमुख नेताओं का दिल्ली दौरा और केंद्र के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं.
* आने वाले कुछ दिनों में बड़ी घोषणाओं की संभावना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मुलाकात के बाद अब किसानों और राज्य की जनता की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं. प्याज और गन्ना उत्पादकों को राहत मिलेगी या नहीं, केंद्र सरकार महाराष्ट्र के लिए कौन से बड़े निर्णय लेगी, इस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हैं. महायुति सरकार की ओर से आने वाले कुछ दिनों में बड़ी घोषणाओं की संभावना जताई जा रही है, इसलिए दिल्ली की ये बैठकें महाराष्ट्र की राजनीति और प्रशासन में महत्वपूर्ण चरण साबित होने वाली हैं.





