आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण

अधिकारियों को दिए निर्देश

अमरावती/दि.30 अमरावती मनपा प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख सड़क विकास कार्यों को गति दी जा रही है. इन कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेने के लिए मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने शुक्रवार सुबह विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं से जानकारी लेकर सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण की शुरुआत बियाणी चौक से इर्विन चौक मार्ग से की गई. इस मार्ग पर सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य पूरा हो चुका है. उप अभियंता दिनेश हंबर्डे ने आयुक्त को कार्य की विस्तृत जानकारी दी. कार्य पूर्ण होने पर आयुक्त ने इसकी गुणवत्ता की जांच भी की. इसके बाद आयुक्त ने प्रभाग क्रमांक 18 के दस्तूरनगर से छत्री तलाव मार्ग पर चल रहे कंक्रीटीकरण कार्य का निरीक्षण किया. अभियंता अजय विंचुरकर ने बताया कि महाराष्ट्र सुवर्ण जयंती नगरोत्थान महाअभियान के अंतर्गत 1 हजार मीटर लंबे इस मार्ग का 55 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. मुख्य कंक्रीटीकरण का काम पूरा हो गया है और अब दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य जारी है, जिसे मानसून से पहले पूरा किया जाएगा. आयुक्त ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.
प्रभाग क्रमांक 19 में मानवी अपार्टमेंट से अकोली टी-पॉइंट तक 2,200 मीटर लंबे सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया. अभियंता श्रीरंग तायडे और विवेक देशमुख ने बताया कि परियोजना का 65 से 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष 500 मीटर सड़क का कंक्रीटीकरण जारी है. आयुक्त ने इस व्यस्त मार्ग का कार्य तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए. सातुर्णा से अकोली रेलवे टी-पॉइंट मार्ग पर चल रहे कंक्रीटीकरण, पेवर ब्लॉक और नाली निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया. आयुक्त ने तकनीकी बाधाओं को दूर कर कार्य शीघ्र पूरा करने तथा सड़क पर पड़े अनावश्यक निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के निर्देश दिए.

* प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजनाओं का भी लिया जायजा
सड़क कार्यों के निरीक्षण के बाद आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (घटक-3) के अंतर्गत चल रहे आवास परियोजनाओं का भी दौरा किया. बेनोडा सर्वे क्रमांक 26/2 की 80 तथा सर्वे क्रमांक 27/2 की 97 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को हस्तांतरित किए गए मकानों का दौरा कर निवासियों से बातचीत की और उपलब्ध सुविधाओं तथा निर्माण गुणवत्ता की जानकारी ली. आयुक्त ने संबंधित विकासकों को शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. साथ ही कुछ मूलभूत सुविधाओं के कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की. मनपा के अनुसार, लगभग 122 लाभार्थियों ने अभी तक अपना अंशदान जमा नहीं किया है, जिससे परियोजना की गति प्रभावित हो रही है और बिजली व पेयजल जैसी सुविधाओं के कार्यों में विलंब हो रहा है.
आयुक्त ने लाभार्थियों से 10 जून तक आवश्यक राशि जमा कर परियोजना को पूर्ण करने में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय तक अंशदान जमा नहीं करने वाले लाभार्थियों के स्थान पर प्रतीक्षा सूची में शामिल पात्र लोगों को आवास आवंटित किया जा सकता है. निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त नरेंद्र वानखेड़े, सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर, धनंजय शिंदे, अभियंता लक्ष्मण पावडे, सचिन मांडवे, शैलेश बोरकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, अभियंता, ठेकेदार और कर्मचारी उपस्थित थे.

Back to top button