पीएम किसान योजना का लाभ जारी रखने के लिए 30 जून से पहले ई-केवाईसी जरूरी

अमरावती/दि.30 – प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम किसान) योजना का लाभ लेने वाले सभी पात्र किसानों के लिए वार्षिक ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है. केंद्र और राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए ई-केवाईसी पूर्ण करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं करने वाले किसानों को आगामी किस्तों का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है. योजना में पारदर्शिता बढ़ाने, फर्जी लाभार्थियों को रोकने और वास्तविक किसानों तक ही योजना की राशि पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है. किसान दो तरीकों से ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं. बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के लिए किसान नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. वहीं किसान अपने मोबाइल फोन में ‘पीएम किसान’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए भी ई-केवाईसी कर सकते हैं.
प्रशासन ने वृद्ध, बीमार और दिव्यांग किसानों के लिए विशेष व्यवस्था भी की है. ऐसे किसानों के लिए ग्राम स्तरीय नोडल अधिकारी और क्षेत्रीय कर्मचारी उनके घर पहुंचकर फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने में सहायता करेंगे. पीएम किसान के जिला नोडल अधिकारी तथा जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी राहुल सातपुते ने जिले के सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए 30 जून से पहले अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कर लें.





