आपातकालीन स्थिति में नागरिक कंट्रोल रूम से करें संपर्क

विभागीय आयुक्त नयना गुंडे की नागरिकों से अपील

* मानसून के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम तैयार
* नागरिकों की सहायता के लिए जिलावार हेल्पलाइन नंबर जारी
अमरावती/दि.30 – अमरावती संभाग में मानसून के दौरान संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. भारी वर्षा, बाढ़ अथवा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभागीय आयुक्त कार्यालय सहित अमरावती, अकोला, यवतमाल, बुलढाणा और वाशिम जिलों के जिलाधिकारी कार्यालयों में 24 घंटे संचालित होने वाले आपातकालीन नियंत्रण कक्ष (इमरजेंसी कंट्रोल रूम) स्थापित किए गए हैं.
विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत दूरभाष नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त करें. उन्होंने बताया कि शासन के विशेष निर्देशों के अनुसार सभी आपातकालीन नियंत्रण कक्ष वर्षभर 24 घंटे कार्यरत रहेंगे, ताकि किसी भी समय नागरिकों को त्वरित सहायता, बचाव कार्य तथा आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके. प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा के लिए जिलावार संपर्क नंबर भी जारी किए हैं. विभागीय आयुक्त कार्यालय के लिए 0721-2661364 तथा अमरावती जिले के लिए 0721-2662025 नंबर उपलब्ध है. इसके अलावा अकोला के लिए 0724-2424444, यवतमाल के लिए 07232-240720, बुलढाणा के लिए 07262-242683 तथा वाशिम के लिए 07252-234238 नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल संबंधित नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके.

Back to top button