विद्यापीठ में नियुक्ति के नाम पर 10-10 हजार की वसूली!
युवक कांग्रेस ने लगाया आरोप, मचाया हंगामा

* होटल रामगिरी में चल रही थी साक्षात्कार की प्रक्रिया
* पुलिस को साथ लेकर पहुंचे युवक कांग्रेसी
* साक्षात्कार ले रही कंपनी के अधिकारियों से किया जवाब-तलब
* हडबडाए कंपनी अधिकारियों ने बीच में ही रोके साक्षात्कार
* काफी देर तक होटल में रही तनातनी, शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म
अमरावती/दि.30- स्थानीय रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित होटल रामगिरी इंटर नैशनल में आज दोपहर 3 बजे के आसपास उस समय हंगामेवाली स्थिति बनी जब सिटी कोतवाली के थानेदार मनोहर कोटनाके दलबल सहित इस होटल में पहुंचे और होटल के सामने पुलिस का तगडा बंदोबस्त लगा दिया गया. जिसे देखते हुए शहर में कई तरह की चर्चाए चलनी शुरू हो गई. लेकिन इसके बाद यह जानकारी निकलकर सामने आई कि संत गाडगे बाबा अमरावती विद्यापीठ में विभिन्न पदों पर ठेका नियुक्त कर्मचारियों की नियुक्त करने हेतु नागपुर स्थित एक आउटसोर्सिंग एजेंसी के अधिकारियों द्बारा आज होटल रामगिरी में इच्छूकों के साक्षात्कार लिए जा रहे थे. जिसे लेकर युवक कांग्रेस पदाधिकारियों द्बारा आरोप लगाया गया कि संबंधित कंपनी द्बारा साक्षात्कार देने हेतु पहुंचे इच्छूक आवेदकों से विद्यापीठ में नियुक्ति के बदले 10-10 हजार रुपए मांगे व वसुले जा रहे है. जिसकी शिकायत युवक कांग्रेस के पदाधिकारी ने सिटी कोतवाली पुलिस को देने के साथ ही कोतवाली पुलिस के पथक को मौके पर बुलाया था.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक संत गाडगे बाबा अमरावती विद्यापीठ में ऑफिस असिस्टंट, स्टेनो ग्राफर व मल्टीटास्किंग सेमी स्कील्ड वर्कर जैसे करीब 80 पदों पर ठेका नियुक्त कर्मचारियों की नियुक्ति का जिम्मा विद्यापीठ प्रशासन द्बारा नागपुर की ग्रेट शेरलॉक इएफएमएस प्रा.लि नामक कंपनी को दिया गया था. जिसके बाद कंपनी ने विज्ञापन जारी करने के साथ ही इच्छूक अभ्यर्थियो को साक्षात्कार हेतु होटल रामगिरी इंटरनेशनल में बुलाया था. जहां पर एक कमरे में साक्षात्कार की प्रक्रिया चल रही थी. आरोपो के मुताबिक इंटरव्यू देने हेतु पहुंचे कुछ आवेदको ने युवक कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों से संपर्क करते हुए शिकायत दर्ज कराई कि संबंधित कंपनी के अधिकारियों द्बारा उनसे नियुक्ति के एवज में 10-10 हजार रुपए मांगे जा रहे है. यह पता चलते ही विद्यापीठ के सीनेट के सदस्य अमोल देशमुख व प्रशांत विघे सहित युवक कांग्रेस के पदाधिकारी समिर जवंजाल, शुभम बांबल, संकेत साहु व आकाश गेडाम तुरंत होटल रामगिरी पहुंचे. साथ ही उन्होंने कोतवाली पुलिस को सुचित करते हुए पुलिस पथक को भी मौके पर बुला लिया. जिसके बाद कोतवाली के थानेदार मनोहर कोतनाके ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेते हुए साक्षात्कार की प्रक्रिया चला रहे कंपनी के अधिकारियों के साथ चर्चा की. साथ ही साथ साक्षात्कार देने हेतु उपस्थित कई आवेदकों के साथ ही बातचीत करते हुए जानकारी हासिल की.
खास बात यह रही कि इस समय इंटरव्यू देने हेतु उपस्थित आवेदकों में से कुछ के द्बारा दबे स्वर में यह बात कहीं गई कि विद्यापीठ में ठेके पर नियुक्त की एवज में उनसे कंपनी के अधिकारियों द्बारा पैसों की मांग की गई, लेकिन हैरतवाली बात यह रही कि इसे लेकर किसी ने भी आगे आते हुए स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा और पुलिस में शिकायत भी दर्ज नहीं कराई. वहीं सूत्रों से यह भी पता चला कि होटल रामगिरी में युवाओ का इंटरव्यू ले रहे कंपनी अधिकारियों ने कथित तौर पर खुद से ‘गलती’ हो जाने की बात को स्विकार किया.
बहरहाल इस पूरे मामले को लेकर फिलहाल पुलिस ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई इसके चलते कोतवाली पुलिस मौके से बैरंग वापिस लौट गई. वहीं युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अब इस मामले को लेकर सोमवार 1 जून को विद्यापीठ प्रशासन से जवाब तलब करने तथा विवि की आगामी सिनेट सभा में इस मामले को जबरदस्त ढंग से उठाने की बात कहीं है.





