बच्चू कडू के विधायक बनते ही बडे नेता को किया अपने पाले में

सुधाकर भारसाकले की शिंदे सेना में एंट्री से कांग्रेस के हाथ-पांव फूले

* विधान परिषद चुनाव के पहले बडा झटका
* दर्यापुर पालिका की सत्ता फिसलने का भी डर
* अधिकांश नगरसेवक साथ होने का दावा
दर्यापुर/दि.30 – दर्यापुर नगर परिषद और सहकारिता क्षेत्र के बडे नेता सुधाकर भारसाकले द्वारा कांग्रेस का साथ छोडकर धनुष्यबाण उठा लेने से यहां के कांग्रेस नेताओं के हाथों से तोते उड गए हैं. यह हलचल न केवल शीघ्र होनेवाले विधान परिषद चुनाव के समीकरण पर असर करनेवाली है, बल्कि अधिकांश नगरसेवक साथ होने का सुधाकर पाटिल भारसाकले का दावा रहने से दर्यापुर पालिका की सत्ता भी कांग्रेस के हाथ से फिसलने का डर पैदा हो गया है. जिले के धुरंधर लीडर बच्चू कडू के शिवसेना में प्रवेश लेते और विधायक बनते ही कांग्रेस के बडे नेता को उन्होंने अपने पाले में कर लिया, ऐसा राजनीतिक जानकार कह रहे हैं. हालांकि नगराध्यक्ष और सुधाकर भारसाकले की पत्नी मंदाकिनी भारसाकले ने अभी भी कांग्रेस में ही रहने का दावा किया है. दूसरी ओर सुधाकरराव 14 नगरसेवक साथ होने का दावा कर रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि, सुधाकरराव ने दर्यापुर क्षेत्र में कांग्रेस के लिए काफी काम किया. प्रत्येक एरिया और गांव में कांग्रेस को पहुंचाया. पार्टी संगठन मजबूत करने के साथ सहकारिता क्षेत्र में भी दबदबा बढाया. जिसकी बदौलत वे जिला बैंक के संचालक बनने के साथ दर्यापुर क्षेत्र की फसल मंडी और सोसायटियों में कांग्रेस का ही वर्चस्व बनाए रखा. इतना ही नहीं गत दिसंबर में ही उन्होंने पालिका इलेक्शन में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन को कायम रखते हुए भारी बहुमत से विजय प्राप्त की. दर्यापुर पालिका में सत्ता स्थापित करने के साथ जनता से सीधे हुए नगराध्यक्ष चुनाव में पत्नी मंदाकिनी भारसाकले को विजयी बनाया.
सुधाकरराव के दर्यापुर और परिसर में दबदबे के कारण महत्वपूर्ण विधानसभा सीट पर मविआ का उम्मीदवार विजयी होने की बातें कहीं जाती है. बहरहाल ताजा समीकरण में उनकी शिंदे सेना में एंट्री से निश्चित ही पार्टी सुदृढ हुई है. खासकर सामने विधान परिषद का महत्वपूर्ण चुनाव है. ऐसे में कांग्रेस सांसद बलवंत वानखडे के गृह नगर दर्यापुर में सुधाकरराव भारसाकले पाटिल ने कांग्रेस को तगडा झटका दे दिया है. वे शिंदे सेना में आ जाने से अब दर्यापुर पालिका का राजनीतिक समीकरण इधर-उधर होना तय बताया जा रहा है.
सुधाकर भारसाकले ने अमरावती मंडल से चर्चा में दावा किया कि, सदन में कांग्रेस के 17 नगरसेवक है. इनमें से 14 नगरसेवक उनके साथ है. नगराध्यक्ष पद पर उनकी पत्नी मंदाकिनी भारसाकले विराजमान है. सुधाकरराव ने अभी पूरे पत्ते नहीं खोले. सिर्फ इतना कहा कि, मंदाकिनी भारसाकले अभी कांग्रेस में ही है. विधान परिषद स्थानीय स्वायत्त संस्था निर्वाचन क्षेत्र के महत्वपूर्ण चुनाव को लेकर अपनी भूमिका के बारे में भी भारसाकले ने बात की. उन्होंने कहा कि, उनके समर्थक नगरसेवक उन्हीं के कहे अनुसार निर्णय करेंगे, वोट डालेंगे. फलस्वरुप राजनीति के जानकार कह रहे हैं कि, दर्यापुर पालिका में तख्तापलट तय है. जिससे विधान परिषद चुनाव को लेकर भी भूमिका करीब-करीब स्पष्ट हो गई है. विधायक बनते ही जिले के धाकड नेता बच्चू कडू ने बडा उलटफेर कर दिया है. बच्चू कडू ने कांग्रेस का एक तगडा नेता शिवसेना में लाकर दोहरा काम किया है. एक ओर उन्होंने कांग्रेस को तोडा, तो दूसरी ओर शिवसेना को तेजी से जिले में सुदृढ करते जा रहे हैं. याद दिला दें कि, बच्चू कडू ने एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प बोलकर बताया था.

Back to top button