अमरावती जेल के कैदी को पैरोल
हाईकोर्ट ने प्रशासन को हडकाया

* नवी मुंबई में अपना मकान बनवाएगा पोक्सो का बंदी
नागपुर /दि.30- पोक्सो के आरोप में 14 साल की सश्रम कारावास सजा भुगत रहा आरोपी 25 दिनों के लिए आज से पैरोल पर अमरावती जेल से रिहा किया गया है. बंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ ने आरोपी प्रदीप गायकवाड को पैरोल पर जाने देने की अनुमति देते हुए उसके अनेक आवेदन प्रलंबित करने के लिए अमरावती जेल प्रशासन और संबंधित महकमे की खिंचाई की. कैदी प्रदीप गायकवाड को पहले भी पैरोल पर छोडा गया था. इसी आधार पर उसकी अर्जी कोर्ट ने दोबारा मान्य की है.
जानकारी के अनुसार न्या. उर्मिला जोशी-फालके और न्या. निवेदिता मेहता ने प्रदीप गायकवाड की वकील के माध्यम से पैरोल हेतु दायर याचिका को स्वीकार कर आदेश दिए. प्रदीप गायकवाड 14 साल के लिए जेल में है. याचिका में कहा गया कि, उसका पनवेल स्थित मकान नवी मुंबई विमानतल के लिए सरकार ने अधिग्रहित किया. इसलिए उसे मकान नया बनाना है. वह और उसकी मां साथ रहते थे. कोर्ट ने आरोपी की अर्जी को मान्य किया और घर बनाने के लिए 25 दिनों की पैरोल मंजूर की. याचिका में बंदी ने अपनी मां की देखभाल का भी कारण दिया था. हाईकोर्ट खंडपीठ ने बंदी की अर्जीया ठुकराने, उस पर निर्णय में विलंब करने के लिए प्रशासन की आलोचना की.





