विधान परिषद के लिए कांग्रेस ने तय की अपनी रणनीति
पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर की अध्यक्षता में हुई स्थानीय नेताओं की बैठक

अमरावती/दि.4– अमरावती निकाय निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के लिए महाविकास आघाडी के तहत कांग्रेस द्बारा प्रत्याशी बनाए गए हर्षजीत देशमुख की जीत को लेकर रणनीति तय करने हेतु निर्वाचन प्रभारी व पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर की अध्यक्षता के तहत गत रोज शहर के एक होटल में बैठक बुलाई गई थी जिसमें विधान परिषद के प्रत्याशी हर्षजीत देशमुख सहित सांसद बलवंत वानखडे, कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख, पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख, पूर्व विधायक प्रा. वीरेन्द्र जगताप, कांग्रेस शहराध्यक्ष बबलू शेखावत तथा मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले उपस्थित थे. जिनके बीच कांग्रेस की रणनीति को लेकर विस्तार के साथ चर्चा हुई.
बता दें कि विगत चार चुनावों से अमरावती निकाय निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा का वर्चस्व है. जिसके चलते इस बार चुनाव लडने व जीतने के लिए कांग्रेस द्बारा रणनीति को लेकर जबर्दस्त ढंग से विचार विमर्श किया जा रहा है. जिसके चलते चुनाव का सामना किस तरह से करना है. किन मुद्दों को लेकर चुनाव लडना है तथा किस तरह से प्रचार करना है, जैसे विषयों पर कांग्रेस की निर्वाचन प्रभारी व पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने इस बैठक में मार्गदर्शन किया. साथ ही इस बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कल 5 जून से कांग्रेस सहित महाविकास आघाडी में शामिल घटक दलों के सभी नेता एवं पदाधिकारी आपसी एकजुटता दिखाते हुए प्रचार का शुभारंभ करेंगे.





