3,000 किलो तर्री पोहे का महा-रिकॉर्ड!

नागपुर में शेफ विष्णु मनोहर रचेंगे नया विश्व कीर्तिमान

* नागरिकों को मिलेगा मुफ्त स्वाद
नागपुर /दि.4– लाखों खाने के शौकीनों की पसंद ’तर्री पोहा’ अब वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने के लिए तैयार है. ’विश्व पोहा दिवस’ के अवसर पर 7 जून को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर शेफ विष्णु मनोहर 3,000 किलो तर्री पोहा बनाकर एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास करेंगे. खास बात यह है कि यह रिकॉर्ड तोड़ तर्री पोहा नागपुर के नागरिकों को मुफ्त में चखने को मिलेगा. इस अनूठे आयोजन की चर्चा शहर में अभी से शुरू हो गई है.
* क्या है यह विश्व रिकॉर्ड?
शेफ विष्णु मनोहर 7 जून को लगभग 3,000 किलो तर्री पोहा तैयार करेंगे. इस उपक्रम का मुख्य उद्देश्य नागपुर की खाद्य संस्कृति को वैश्विक मंच दिलाना है. यह रिकॉर्ड बनाने वाला कार्यक्रम बजाज नगर स्थित ’विष्णुजी की रसोई’ में आयोजित होगा. तड़के सुबह से ही पोहा बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
* तर्री पोहा इतना खास क्यों है?
तर्री पोहा नागपुर की खाद्य संस्कृति का अभिन्न अंग है. पारंपरिक कांदा-पोहा के ऊपर मसालेदार चने या काले मटर की उसल से तैयार की गई तीखी ’तर्री’ इसे खास बनाती है. इसी अनोखे स्वाद के कारण तर्री पोहा नागपुर की एक अलग पहचान बन गया है. सुबह 6:30 बजे से 9:30 बजे के बीच नागरिक इस रिकॉर्ड-तोड़ तर्री पोहे का मुफ्त आनंद ले सकेंगे. कार्यक्रम स्थल पर बैठकर खाने की विशेष व्यवस्था की गई है. साथ ही, ’महाचाय’ की ओर से मुफ्त चाय का भी वितरण किया जाएगा. शेफ विष्णु मनोहर ने बताया कि नागपुर के तर्री पोहे को देश-दुनिया में पहचान दिलाना, इसे एक स्वतंत्र फूड ब्रांड के रूप में स्थापित करना और नागपुर की पाक कला परंपरा का गौरव बढ़ाना ही इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य है.
* शेफ विष्णु मनोहर के नाम पहले से दर्ज हैं कई रिकॉर्ड
शेफ विष्णु मनोहर के नाम पहले से ही 30 से अधिक विश्व कीर्तिमान दर्ज हैं. इनमें 8 फीट लंबा और 40 किलो वजनी शाकाहारी कबाब, लगातार 52 घंटे की कुकिंग मैराथन, हजारों किलो हलवा निर्माण, 25 घंटे में 15,773 डोसे तैयार करना, 5,000 किलो मिलेट्स (बाजरा) की खिचड़ी, 5,101 अंडों की भुर्जी और 1,111 किलो नाचनी का शिरा बनाने जैसे कई उल्लेखनीय रिकॉर्ड शामिल हैं.

Back to top button