36.45 लाख रुपये बकाया वाले दो संपत्तियों को किया सील

अमरावती मनपा की बड़ी कार्रवाई

अमरावती /दि.6- अमरावती महानगरपालिका ने संपत्ति कर बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष वसूली अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संपत्तियों को सील कर दिया. यह कार्रवाई मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा के निर्देश पर मध्य जोन क्रमांक-2 के राजापेठ क्षेत्र में की गई.
मनपा प्रशासन के अनुसार, वार्ड बी-6 स्थित संपत्ति क्रमांक 807 एवं 807-1 पर 6 लाख 16 हजार 15 रुपये का संपत्ति कर बकाया था. संबंधित मालिक को कई बार नोटिस जारी कर कर भुगतान करने के लिए कहा गया था, लेकिन बार-बार सूचना देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई. इसके चलते संपत्ति को सील कर दिया गया. इसी प्रकार वार्ड बी-6 की ही संपत्ति क्रमांक 31-10 पर 30 लाख 29 हजार 128 रुपये का कर बकाया था. मनपा द्वारा कई बार नोटिस जारी करने और भुगतान के लिए समय देने के बावजूद कर जमा नहीं किया गया. परिणामस्वरूप इस संपत्ति पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई.
दोनों संपत्तियों पर कुल 36 लाख 45 हजार 143 रुपये की बकाया राशि थी. मनपा प्रशासन ने इसे विशेष वसूली अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया है. अधिकारियों का कहना है कि शहर में अभी भी कई बड़े बकायेदार कर भुगतान से बच रहे हैं, जिनके खिलाफ भी जल्द ही कठोर कार्रवाई की जाएगी. यह कार्रवाई सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर के नेतृत्व में की गई. इस दौरान सहायक क्षेत्रीय अधिकारी नर्मदा चव्हाण, निरीक्षक फैयाज खान तथा वसूली लिपिक सूरज चावरे, रोशन चव्हाण, धरम बिवाड और विशाल डीख्याव मौजूद रहे. राजस्व विभाग की टीम ने नियमानुसार पूरी प्रक्रिया पूरी कर संपत्तियों को सील किया.
मनपा प्रशासन ने कहा कि संपत्ति कर शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए प्रमुख राजस्व स्रोत है. सड़क, स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य, उद्यान, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सेवाओं के लिए आवश्यक निधि इसी कर से प्राप्त होती है. इसलिए कर भुगतान प्रत्येक संपत्ति धारक की जिम्मेदारी है. आयुक्त वर्षा लढ्ढा के मार्गदर्शन में चल रहे विशेष अभियान में बड़े बकायेदारों पर विशेष नजर रखी जा रही है. मनपा ने सभी कर बकायेदारों से तत्काल बकाया राशि जमा करने की अपील की है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कर न चुकाने वालों के खिलाफ आगे भी सीलिंग, जब्ती और अन्य कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.

Back to top button