आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों का किया निरीक्षण

सुविधाएं मजबूत करने के दिए निर्देश

अमरावती /दि.5- अमरावती महानगरपालिका की आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने गुरुवार सुबह वडाली स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र, महानगरपालिका स्कूल तथा टीबी अस्पताल के पीछे स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र और स्कूल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए.
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को दी जा रही सेवाओं, दवाओं के भंडार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण कार्यक्रम, स्वच्छता व्यवस्था, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली. उन्होंने मरीजों को समय पर और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ केंद्रों की स्वच्छता एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. वडाली स्थित महानगरपालिका स्कूल के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्माणाधीन नई इमारत का जायजा लिया और आधुनिक सुविधाओं से युक्त उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक परिसर के निर्माण पर जोर दिया. उन्होंने शिक्षा विभाग और शिक्षकों को विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु उचित योजना बनाने के निर्देश दिए.
टीबी अस्पताल के पीछे स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा अधिकारियों द्वारा अतिरिक्त कक्ष की मांग किए जाने पर आयुक्त ने संबंधित निर्माण विभाग को आवश्यक कमरे की व्यवस्था के निर्देश दिए. इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शौचालय निर्माण कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा. इस अवसर पर आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा शहरी विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं. नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना महानगरपालिका की प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों में सेवा गुणवत्ता, स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी एवं समीक्षा की जाएगी.
निरीक्षण दौरे में उपायुक्त योगेश पिठे, वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले, सहायक आयुक्त नितीन बोबडे, भूषण पुसतकर, शिक्षणाधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम, कार्यकारी अभियंता सुहास चव्हाण, उद्यान अधीक्षक अजय विंचुरकर, संपत्ति अधिकारी सचिन मांडवे, उपअभियंता शरद तिनखेडे, लक्ष्मण पावडे, डॉ. स्वाती कोवे, डॉ. पूर्णिमा उघडे, डॉ. हिवराले, स्कूल निरीक्षक योगेश पखाले, केंद्र समन्वयक अनुप भारंबे, वरिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक कुंदन हडाले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.

Back to top button