विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘माझी वसुंधरा’ अभियान को मिलेगी गति

जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

* ई-शपथ लेने की अपील
अमरावती /दि.5- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को राज्यभर में ‘माझी वसुंधरा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. नागरिकों से बड़ी संख्या में इसमें भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण की ई-शपथ लेने और पर्यावरण बचाने का संकल्प करने की अपील विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने की है.
इस संबंध में विभाग के सभी जिलाधिकारियों, जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, मनपा आयुक्तों तथा विभिन्न विभागों के प्रमुखों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. बढ़ते तापमान, पर्यावरणीय बदलाव और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया गया है. ‘माझी वसुंधरा’ अभियान के माध्यम से पृथ्वी, जल, वायु, आकाश और ऊर्जा जैसे पंचमहाभूतों के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा. अभियान में सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है.
ग्राम पंचायतों, नगरपालिकाओं, जिला परिषदों और विभिन्न शासकीय कार्यालयों में पर्यावरण संरक्षण विषयक चर्चा, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाएंगे. नागरिकों से ‘माझी वसुंधरा’ पोर्टल पर जाकर ई-शपथ लेने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने की भी अपील की गई है. पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए विभागीय आयुक्त कार्यालय ने कहा है कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण का निर्माण करने हेतु प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक जनजागरूकता के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं.

Back to top button