महावितरण के अध्यक्ष लोकेश चंद्र को ‘महा आयकॉन 2026’ जीवनगौरव पुरस्कार

अमरावती/दि.5 – मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव तथा लोकेश चंद्र को विद्युत क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘महा आयकॉन 2026’ जीवनगौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया. मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितीन गडकरी ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया. समारोह में महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत, प्रसिद्ध परमाणु वैज्ञानिक अनिल काकोडकर, तथा ‘पुढारी’ मीडिया समूह के मुख्य संपादक प्रतापसिंह जाधव और संपादक योगेश जाधव प्रमुख रूप से उपस्थित थे.
यह सम्मान पुढारी मीडिया समूह द्वारा आयोजित ‘महा आयकॉन 2026’ पहल के अंतर्गत प्रदान किया गया. इस पहल का उद्देश्य महाराष्ट्र के विकास तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों के उत्कृष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान करना है. लोकेश चंद्र के नेतृत्व में महावितरण ने हाल के वर्षों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं. विशेष रूप से सौर कृषि पंप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बिजली वितरण व्यवस्था में सुधार तथा किसानों को ऊर्जा सुविधाएं उपलब्ध कराने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं. इन्हीं योगदानों को देखते हुए उन्हें इस वर्ष के जीवनगौरव सम्मान से नवाजा गया.





