युवक की मौत के बाद परिजन शव लेकर पहुंचे पुलिस आयुक्त कार्यालय
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

अमरावती /दि.5- गाडगे नगर थाना क्षेत्र के नवसारी स्थित महात्मा फुले नगर में हुए चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद गुरुवार रात शहर में तनावपूर्ण माहौल बन गया. मृतक के परिजन नागपुर से एंबुलेंस में शव लेकर सीधे पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंच गए और फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. मृतक की पहचान शेखर सुनील नेतनराव (27) निवासी महात्मा फुले नगर, नवसारी के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक 20 मई की देर रात शेखर अपने इलाके में मौजूद था, तभी चार आरोपियों ने उसे घेरकर चाकू से हमला कर दिया. हमले में उसके सीने सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं. उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण आगे के उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया था. करीब दो सप्ताह तक चले इलाज के बाद 4 जून की तड़के शेखर की मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में आक्रोश फैल गया. गुरुवार रात करीब 9 बजे परिजन शव लेकर सीधे पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे. अचानक शव पहुंचने से पुलिस और प्रशासन में हलचल मच गई. नवसारी क्षेत्र में तनाव की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.
इस दौरान मृतक की मां ने भावुक होकर कहा, मेरा बेटा वापस नहीं आएगा, लेकिन आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. मुझे सिर्फ न्याय चाहिए. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दो आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. घायल युवक की मौत के बाद अब मामले की जांच हत्या के प्रकरण के रूप में आगे बढ़ाई जा रही है. अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. बाद में पुलिस सुरक्षा के बीच परिजनों को घर भेज दिया गया.





