117 नहीं, बल्कि पुरे 227 ग्राम सोना चोरी होने का दावा
मांजरखेड गांव में हुई चोरी की घटना में अब नया मोड

* शिकायतकर्ता ने की एफआईआर में सोने की मात्रा बढाने की मांग
चांदूर रेल्वे/दि.5 – चांदूर रेल्वे तहसील तथा तलेगाव दशासर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत आनेवाले मांजरखेड (दानापुर) गांव में हुई चोरी की घटना में अब नया मोड सामने आया है. शुरूआत में पुलिस के पास 117.68 ग्राम सोने के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करायी गई थी. लेकिन शिकायतकर्ता महिला का दावा है कि वास्तव में उनके घर से 227 ग्राम सोने के आभुषण चोरी हुए है. इस संबंध में उन्होंने तलेगाव दशासर पुलिस थाने के थाना प्रभारी को लिखित निवेदन सौंपकर एफआईआर में चोरी हुए सोने की मात्रा बढाकर दर्ज करने की मांग की है.
मांजरखेड (दानापुर) निवासी विमल वामनराव ठाकरे (60) 29 मई को अपने परिवार के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गई थी. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने 29 से 30 मई के बिच उनके बंद मकान का ताला तोडकर भीतर प्रवेश किया और आलमारी के लॉकर को तोडकर उसमें रखे सोने के आभुषण चोरी कर लिए. 31 मई को जब ठाकरे परिवार वापस घर लौटा तब घर का ताला टूटा हुआ और सामान बिखरा हुआ मिला. इसके बाद उन्होंने तलेगाव दशासर पुलिस थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करायी. प्रारंभिक शिकायत में 117.68 ग्राम सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी. लेकिन बाद में की गई जांच पडताल में चोरी हुए आभूषण का कुल वजन 227 ग्राम होने का दावा किया गया. इसके चलते शिकायतकर्ता ने पुलिस को लिखित आवेदन सौंपकर एफआईआर में संशोधन कर चोरी हुए सोने की वास्तविक मात्रा दर्ज करने की मांग की है.
* आज के बाजार भाव के अनुसार 34 लाख रूपये सोने का दाम
शिकायतकर्ता के दावे के अनुसार चोरी हुए 227 ग्राम सोने का दाम 34 लाख रूपये के करीब है. इससे इस चोरी की घटना की गंभीरता और भी बढ गई तथा पुरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है.
* पुलिस रिकॉर्ड में 117.68 ग्राम आभुषणों का दाम मात्र 3 लाख 92 हजार
इस मामले में एक और चौकानेवाली बात सामने आयी है कि पुलिस रिकॉर्ड में 117.68 ग्राम सोने के आभुषणों की किमत केवल 3 लाख 92 हजार 62 रूपये दर्ज की गई है.
* पुलिस के सामने जांच की बडी चुनौति
घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस चोरी से मांजरखेड (दानापुर) और आसपास के क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है. चोरी हुए सोने की मात्रा बढने के दावे से मामले की गंभीरता और बढ गई है. चोरों ने पहले से रेकी की थी या उन्हें घर बंद होने की जानकारी कैसे मिली इसकी जांच पुलिस के लिए बडी चुनौति बन गई है. इस बिच शिकायतकर्ता विमल वामनराव ठाकरे तथा गांव के नागरिकों ने मांग की है कि एफआईआर में चोरी हुए सोने की सही मात्रा दर्ज की जाए और इस बडी चोरी का जल्द से जल्द सुराग लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए.





