लाडली बहन योजना के अपात्र प्रस्तावों की दोबारा होंगी जांच

पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दी जानकारी

अमरावती /दि.6– लाडली बहन योजना में अपात्र लाभार्थियों की संख्या बढने के कारण उनके प्रस्तावों की दोबारा जांच किए जाने की जानकारी राज्य के राजस्व मंत्री व जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दी है. उन्होंने बताया कि, इसके लिए सरकार ने एक समिति गठित की है, जो इन मामलों की पुन: जांच करेगी. जो महिलाएं पात्र पाई जाएगी, उन्हें उनकी किश्त की राशि भी प्रदान की जाएगी.
सरकार के इस फैसले से पिछले कई महिनों से इस योजना से वंचित रही महिलाओं को बडी राहत मिली है. पालकमंत्री ने कहा कि, कुछ नाम निर्धारित मानदंडों के बाहर होने के कारण हटाए गए थे. लेकिन ऐसे मामलों की समिति के माध्यम से पुन: जांच होगी और पात्र महिलाओं को न्याय दिया जाएगा. लाडली बहन योजना के प्रस्तावों की विस्तृत जांच के बाद राज्य सरकार ने पूरे राज्य में लगभग 80 लाख महिलाओं को अपात्र घोषित किया है.
अमरावती जिले का सटिक आंकडा अभी स्पष्ट नहीं है. लेकिन सूत्रों के अनुसार यह संख्या कुछ लाख में हो सकती है. योजना लागू होने के समय जिले में लगभग 8 लाख महिलाओं ने आवेदन किया था. इनमें से 6 लाख 50 हजार महिलाओं को मुख्यमंत्री लाडली बहन योजना के लिए पात्र ठहराया गया था. इस योजना में अपात्र घोषित होने के कारण कुछ लाख महिलाएं हर महिने मिलनेवाली 1500 रुपए की सहायता राशि से वंचित हो गई है. इस पार्श्वभूमि पर पालकमंत्री बावनकुले ने पुन: जांच का विकल्प सामने रखा है. हालांकि सरकार द्वारा गठित समिति कब से काम करेगी, प्रस्तावों की पुन: जांच कब तक चलेगी और जिन महिलाओं के लाभ रोक दिए गए है, उन्हें पुन: कब से योजना का लाभ मिलेगा, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है.

Back to top button